रांची: भाजपा के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. लगभग 20 मिनट तक चली इस बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पारित एमएमडीआर संशोधन विधेयक, परिसीमन व राज्य में चल रहे छात्र आंदोलन के साथ कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा हुई.
छात्रों के मुद्दों पर हुई चर्चा
भाजपा नेताओं ने इन मुद्दों पर राज्य की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया. इन मुद्दों पर विपक्ष दलों की गतिविधियों की पूरी जानकारी दी गयी. पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश के नेताओं की बात सुनने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई आवश्यक निर्देश दिये हैं. उन्होंने विपक्षी दलों की ओर से इन मुद्दों को लेकर फैलाये जा रहे भ्रम को लेकर जनता के बीच जा कर सच्चाई से अवगत कराने की बात कही. साथ ही छात्रों के मुद्दों पर मुखरता से बात रखने को कहा.
प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहें मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा. रघुवर दास. चंपाई सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय. दीपक प्रकाश और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल थे.
