प्रतिनिधि, जामताड़ा : जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत सुपायडीह पंचायत के पाकडीह, फागुडीह, सुपायडीह, बंदाजोरी समेत विभिन्न बूथों पर शनिवार को एसआईआर को लेकर विशेष कैंप लगाया गया. कैंप में बड़ी संख्या में मतदाता नोटिस के अनुसार जरूरी कागजात लेकर पहुंचे और दस्तावेज जमा किए.
कम समय मिलने पर जतायी नाराजगी
हालांकि, कई मतदाताओं ने नोटिस मिलने और कागजात जमा करने के लिए कम समय दिए जाने पर नाराजगी जतायी. मतदाताओं का कहना था कि उन्हें नोटिस महज दो दिन पहले मिला है और अब दस्तावेज जमा करने को कहा जा रहा है. कई जरूरी कागजात तत्काल उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी हो रही है. लोगों ने कहा कि पर्याप्त समय मिलने पर सभी आवश्यक दस्तावेज आसानी से जुटाए जा सकते हैं.
कैंप में रही मतदाताओं की भीड़
कैंप में लोगों की भीड़ रही और मतदाताओं ने संबंधित कर्मियों से एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी भी ली. अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर कैंप की व्यवस्था और दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया का जायजा लिया तथा कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए.
मुखिया ने भी सुनी समस्याएं
सुपायडीह पंचायत की मुखिया स्टेनशीला हेमब्रम ने भी बूथों का निरीक्षण कर मतदाताओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान लोगों ने कम समय मिलने से हो रही परेशानी से उन्हें अवगत कराया. मतदाताओं ने एसआईआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में दस्तावेज जुटाने के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की.
