जामताड़ा : जामताड़ा साइबर थाने की पुलिस ने केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों से बैंक संबंधी जानकारी लेकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव निवासी जैकी कुमार मंडल और पिंडारी गांव निवासी मोहम्मद अंसारी उर्फ गुलाम अंसारी शामिल हैं.
केवाईसी अपडेट के नाम पर लेते थे बैंक डिटेल
साइबर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि जैकी कुमार मंडल कांड संख्या 69/2025 में फरार चल रहा था. दोनों आरोपी केवाईसी अपडेट करने के नाम पर लोगों से संपर्क कर उनके बैंक डिटेल और अन्य आवश्यक जानकारी हासिल करते थे. इसके बाद साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे.
तीन मोबाइल और तीन सिम कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं. मामले में आगे की जांच की जा रही है. आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
साइबर ठगी से बचने की अपील
साइबर डीएसपी ने बताया कि साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि केवाईसी अपडेट के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को बैंक डिटेल, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें.
