– प्रभात फॉलोअप – – सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन फोटो – 06 न्यू जीवी ज्वेलर्स के पास जांच करते एसपी शंभू कुमार सिंह व अन्य. प्रतिनिधि, फतेहपुर – फतेहपुर बाजार स्थित न्यू जीवी ज्वेलर्स के मालिक अमरजीत वर्मा से हुई लाखों रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषणों की लूट मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटना के दूसरे दिन शनिवार को एसपी शंभू कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे. विस्तृत जानकारी ली. एसपी के साथ नाला एसडीपीओ किशोर तिर्की, इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी, फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए व नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव भी मौजूद थे. पुलिस अधिकारियों ने सबसे पहले बजरंगबली चौक के पास उस स्थान का निरीक्षण किया, जहां शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे दो बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने ज्वेलर्स व्यवसायी से आभूषणों की लूट की थी. इसके बाद अधिकारियों की टीम बाजार स्थित न्यू जीवी ज्वेलर्स पहुंची. व्यवसायी अमरजीत वर्मा से घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की. एसपी ने पीड़ित व्यवसायी को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. जल्द ही अपराधियों तक पहुंच जायेगी. पुलिस विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. तकनीकी अनुसंधान के तहत कॉल डंपिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का भी सहारा लिया जा रहा है. व्यवसायी द्वारा पुलिस को दिये गये आवेदन में करीब 22 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण लूटे जाने की बात कही गयी है. इधर, घटना के बाद फतेहपुर के व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. स्थानीय व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में रात्रि पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग दोहरायी है. उनका कहना है कि पूर्व में डाक बंगला परिसर में थाना संचालित होने के दौरान बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर थी और ऐसी घटनाएं नहीं होती थी. थाना के नए भवन में स्थानांतरित होने के बाद बाजार क्षेत्र में पुलिस की निगरानी कम हुई है, जिससे आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में जुटी हुई थी, जबकि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी.
ज्वेलर्स से 22 लाख के आभूषण लूट मामले की जांच तेज, घटनास्थल पहुंचे एसपी
घटना के दूसरे दिन शनिवार को एसपी शंभू कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे. विस्तृत जानकारी ली. एसपी के साथ नाला एसडीपीओ किशोर तिर्की, इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी, फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए व नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव भी मौजूद थे.
