संवाददाता, जामताड़ा: जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत जारी राशन कार्ड में जाति की सूचना अपडेट करने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गयी है. खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR 2026 के मद्देनजर यह निर्देश जारी किया है.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक राशन कार्ड में जाति अद्यतन करने की कार्रवाई स्थगित रहेगी. इस संबंध में विभाग के सरकार के उप सचिव राम कृष्ण कुमार ने रांची, धनबाद और जमशेदपुर के विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी समेत सभी जिलों के जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है. इसकी प्रतिलिपि सभी उपायुक्तों को भी भेजी गयी है.
ST, SC समेत पांच श्रेणियों की जाति होगी अपडेट
राशन कार्ड में ST, SC, BC-1, BC-2 और PVTG श्रेणी की जाति सूचना अद्यतन करने की प्रक्रिया चल रही थी. इसके लिए लाभुकों की ओर से प्रखंड और अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन दिये जा रहे थे.
लेकिन अब इन आवेदनों के निष्पादन पर भी असर पड़ेगा, क्योंकि संबंधित कार्यालयों के बड़ी संख्या में कर्मी SIR के काम में लगाए गये हैं.
SIR के काम में लगे हैं बड़ी संख्या में कर्मचारी
विभाग ने अपने पत्र में बताया है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नोटिस चरण में प्राप्त दावों और आपत्तियों के सत्यापन की कार्रवाई चल रही है.
इस कार्य में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त की ओर से विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में कर्मियों को लगाया गया है. इसके कारण प्रखंड और अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त आवेदनों का समय पर निष्पादन नहीं हो पा रहा है.
पहले 1 जुलाई और 28 जुलाई को जारी हुआ था निर्देश
विभाग की ओर से राशन कार्ड में जाति अद्यतन को लेकर पहले भी निर्देश जारी किये जा चुके हैं. 1 जुलाई और 28 जुलाई 2026 को जारी निर्देशों के तहत इस प्रक्रिया की निगरानी भी की जा रही थी.
हालांकि, अब निर्वाचन विभाग के निर्देश के बाद इस पूरी प्रक्रिया को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया गया है.
8 सितंबर के पत्र के बाद बदला फैसला
विभाग के अनुसार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग के 8 सितंबर 2026 के पत्र के आलोक में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक राशन कार्ड में जाति अद्यतन का काम करना संभव नहीं है.
इसी को देखते हुए खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक राशन कार्ड में जाति अद्यतन की कार्रवाई स्थगित रखी जाए.
लाभुकों को अब करना होगा इंतजार
इस फैसले के बाद राशन कार्ड में जाति सूचना अपडेट कराने वाले लाभुकों को फिलहाल इंतजार करना होगा. मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद ही जाति अद्यतन की प्रक्रिया दोबारा शुरू होने की संभावना है.
