थंडारडीह में पीड़ित परिवार से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल,सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप

करमाटांड़ के थंडारडीह में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और राज्य सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की.

प्रतिनिधि, विद्यासागर. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की ओर से गठित प्रदेश भाजपा का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थंडारडीह गांव पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने भूदेव यादव के प्रभावित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया. भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

पीड़ित परिवार से ली घटना की जानकारी

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, विधायक अमित यादव, विधायक नागेंद्र महतो, विधायक मंजू देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता रणधीर कुमार सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और जिला अध्यक्ष सुमित शरण शामिल रहे.

प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से घटना की विस्तृत जानकारी ली जा रही है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी. घटना से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी जायेगी.

विधायक अमित यादव ने सरकार पर साधा निशाना

बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि थंडारडीह पहुंचने के बाद ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे वे झारखंड में नहीं, बल्कि बांग्लादेश या तालिबान पहुंच गये हों.

उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके समुदाय विशेष के लोगों के माध्यम से हिंदुओं को प्रताड़ित कराने का काम किया जा रहा है. विधायक ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए सभी बराबर होने चाहिए.

हजारों लोगों की भीड़ जुटने का आरोप

भाजपा विधायक मंजू देवी ने आरोप लगाया कि भूदेव यादव के घर को हजारों की संख्या में लोगों ने घेर लिया और उपद्रव के दौरान घर को क्षतिग्रस्त किया गया. उन्होंने परिवार की महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार को दुर्भाग्यपूर्ण बताया.

उन्होंने कहा कि यदि भूदेव यादव से कोई गलती हुई थी, तो उसके खिलाफ कानून के समक्ष शिकायत की जानी चाहिए थी और कानून के अनुसार कार्रवाई होती. किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है.

प्रशासन की भूमिका पर भी उठाये सवाल

विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेकर उपद्रव करने और किसी को प्रताड़ित करने का अधिकार नहीं है. उन्होंने प्रशासन द्वारा पुलिस बल भेजने में हुई कथित देरी पर भी सवाल उठाया और इसे प्रशासन की संवेदनहीनता बताया.

उच्चस्तरीय जांच की मांग

पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन इस तरह की घटना को किसी भी स्थिति में न्यायसंगत नहीं ठहराया जा सकता. उन्होंने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की.

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. साथ ही प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, भाजपा नेता विनोद मंडल, मितेश शाह, महेंद्र मंडल, राजेंद्र मंडल, श्यामसुंदर मंडल, विनोद रजक सहित अन्य कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Umesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >