प्रतिनिधि, जामताड़ा : मेझिया के सकरायडीह में रविवार को संथाल परगना लोहरा आदिवासी समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में करमा अखाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि अजहरुद्दीन शामिल हुए और लोगों को करमा पर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि करमा प्रकृति, भाईचारे, प्रेम और खुशहाली का पर्व है, जो नई पीढ़ी को आदिवासी संस्कृति और परंपरा से जोड़ता है.
विकास कार्यों का भी किया जिक्र
अजहरुद्दीन ने कहा कि मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रयासों से जामताड़ा में सड़क, पुल-पुलिया, मेडिकल कॉलेज, डिग्री कॉलेज सहित शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं. उन्होंने आदिवासी समाज से जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की. साथ ही एमएमडीआर बिल और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सजग रहने तथा मतदाता सूची में नाम और विवरण की जांच कराने का आह्वान किया.
