जनता दरबार में 40 से अधिक फरियादी पहुंचे, डीसी ने एक सप्ताह में समाधान का दिया निर्देश

जनता दरबार में 40 से अधिक लोगों ने रखीं समस्याएं. डीसी ने आंगनवाड़ी चयन, भूमि विवाद, बिजली, योजना राशि पर तुरंत समाधान का दिया आदेश.

जामताड़ा : डीसी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया गया. इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 40 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं. डीसी ने बारी-बारी से सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर प्रभावी समाधान कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया.

जनता दरबार में आंगनवाड़ी चयन प्रक्रिया में अनियमितता, नियुक्ति पत्र देने में विलंब, चयन प्रक्रिया रद्द करने, भूमि विवाद, जबरन कब्जा, आपसी बंटवारा, भू-अर्जन मुआवजा, म्यूटेशन, बिजली पोल व कनेक्शन, मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने समेत कई मामले सामने आये. ग्राम प्रधान को सूचना दिये बिना ग्रामसभा कराने और सेवानिवृत्त कर्मी के देय लाभों के भुगतान की शिकायत भी रखी गयी.

आंगनवाड़ी चयन की शिकायतों पर जांच का निर्देश

आंगनवाड़ी चयन प्रक्रिया से संबंधित कई शिकायतों को डीसी ने गंभीरता से लिया. चयन होने के बावजूद नियुक्ति पत्र नहीं देने, उच्च शैक्षणिक योग्यता के बावजूद चयन से बाहर रखने और बिना सूचना ग्रामसभा कराने जैसी शिकायतों पर जांच का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया विभागीय नियमों और एसओपी के अनुरूप होनी चाहिए. जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.

SIR में नाम कटने की शिकायत

एक नवदंपती ने SIR के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाये जाने की शिकायत की. डीसी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी को नियमानुसार दोनों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहे.

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और सभी योग्य मामलों का समय पर निष्पादन हो. प्रत्येक मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक जनता दरबार में आमजन अपनी शिकायतें रख सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Umesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >