जामताड़ा : 20वीं झारखंड राज्य जूनियर बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जामताड़ा जिला कबड्डी संघ की बालक एवं बालिका टीम शनिवार को साहिबगंज के लिए रवाना हुई. प्रतियोगिता 12 से 14 सितंबर तक साहिबगंज में आयोजित की जा रही है. जिला स्तरीय ट्रायल के बाद 14 बालक एवं 14 बालिका खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है.
राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका
संघ के चेयरमैन डॉ. डी.डी. भंडारी ने कहा कि जामताड़ा के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है. राज्य स्तर पर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. उन्होंने दोनों टीमों से बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद जतायी.
पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
संघ की अध्यक्ष मीरा मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष सलिल कुमार एवं वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं. इस दौरान सचिव करन कुमार राउत, कोषाध्यक्ष शुभम सोलंकी, उपाध्यक्ष निपेन कुमार (सचिन), अनीश रंजन, विवेक रजक, आकाश साव एवं सोना दा ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया.
राष्ट्रीय रेफरी राज सोनकर का भी हुआ चयन
प्रतियोगिता के लिए जामताड़ा जिले के राष्ट्रीय रेफरी राज सोनकर का भी चयन किया गया है. टीम के साथ कोच आबिद अंसारी, हरि सोनकर तथा मैनेजर झूलन सिंह और नीरज रवानी भी साहिबगंज रवाना हुए.
