करमदहा मेला का आईटीडीए परियोजना निदेशक ने किया निरीक्षण

आईटीडीए परियोजना निदेशक जुगनू मिंज ने कहा कि करमदहा मेला का संचालन पूरी तरह विधि-व्यवस्था के अनुरूप होना चाहिए.

नारायणपुर. प्रखंड क्षेत्र के करमदहा दुःखिया बाबा मंदिर परिसर में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित 15 दिवसीय मेला का गुरुवार को प्रशासनिक पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया. इस दौरान आईटीडीए निदेशक जुगनू मिंज एवं अंचल अधिकारी देवराज गुप्ता मेला स्थल पर पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में दोनों पदाधिकारियों ने मेला क्षेत्र में लगे विभिन्न दुकानों, खेल-तमाशा एवं मनोरंजन के साधनों का अवलोकन किया. साथ ही मेला में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं भीड़ नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की. पदाधिकारियों ने मेला कमेटी के सदस्यों से बातचीत कर उन्हें शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से मेला संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. आईटीडीए निदेशक जुगनू मिंज ने कहा कि मेला का संचालन पूरी तरह विधि-व्यवस्था के अनुरूप होना चाहिए. किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि मेला के दौरान किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न होता है, तो इसकी जवाबदेही मेला कमेटी की होगी. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. सीओ देवराज गुप्ता ने बताया कि मेला क्षेत्र में पुलिस प्रशासन एवं दंडाधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है. उन्होंने मेला कमेटी को निर्देश दिया कि भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा चोर-उचक्कों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके. निरीक्षण के पश्चात दोनों पदाधिकारियों ने दुःखिया बाबा मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना भी की और क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की. मौके पर दंडाधिकारी रवि उरांव, शैलेश कुमार समेत अन्य थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >