जामताड़ा: जिला वुशु एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को नगर स्थित सामर्थ्य सेल्फ डिफेंस एंड फिटनेस सेंटर के प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय वुशु दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने हिस्सा लिया.
इस दौरान स्पीड किकिंग, वुशु मार्शल आर्ट का प्रदर्शन और खिलाड़ियों के बीच जागरूकता को लेकर चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गयी. कार्यक्रम के अंत में केक काटकर एक-दूसरे को अंतरराष्ट्रीय वुशु दिवस की शुभकामनाएं दी गयीं.
जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. तुषार कांति माजी ने कहा कि वुशु केवल खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, मानसिक मजबूती और अनुशासन का माध्यम है. नियमित अभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है. उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को मार्शल आर्ट से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया.
एसोसिएशन के निदेशक दीपक दुबे ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वुशु दिवस की शुरुआत इंटरनेशनल वुशु फेडरेशन द्वारा वुशु को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से की गयी है. इसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और मानसिक मजबूती के लिए प्रेरित करना है. मौके पर उपाध्यक्ष महाप्रसाद दत्ता, राहुल सिंह, सूरज कुमार पासवान, किरण मिश्रा, भास्कर चांद, संजीव सिंह, अजीत यादव, मनोज पांडे, अरुण मंडल सहित अन्य मौजूद थे.
