नाला के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर लगेगी हाइमास्ट स्ट्रीट लाइट

विस अध्यक्ष की पहल पर मंदिर व प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रकाश की होगी समुचित व्यवस्था

फतेहपुर. नाला विधानसभा क्षेत्र में विकास की रोशनी अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है. स्थानीय विधायक सह विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के प्रयासों से क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर हाइमास्ट स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन किया जा रहा है. यह पहल न केवल बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करेगी, बल्कि सुरक्षा, सामाजिक गतिविधियों और नागरिक सुविधाओं को भी मजबूती प्रदान करेगी. नाला प्रखंड अंतर्गत गिरिधारी मंदिर प्रांगण, देवलेश्वर मंदिर प्रांगण, खैरा चौक, बजरंगबली चौक तथा कस्तूरबा आवासीय विद्यालय नाला में हाइमास्ट लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इन स्थानों पर शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता था, जिससे आमजन, श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों को काफी असुविधा होती थी. अब आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से इन क्षेत्रों में रौनक बढ़ेगी और असामाजिक तत्वों पर भी अंकुश लगेगा. कुंडहित प्रखंड में सिंहवाहिनी मंदिर प्रांगण, बारमशिया मोड़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय तथा प्रखंड परिसर में हाइमास्ट लाइट लग रही है. अस्पताल और प्रखंड परिसर जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर बेहतर रोशनी से रात्रि के समय लोगों के आवागमन में सहूलियत होगी. शहरी क्षेत्र की तरह रोशन होंगे गांव व कस्बे मंदिर व प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था से धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को भी बढ़ावा मिलेगा. फतेहपुर प्रखंड में एकलव्य विद्यालय परिसर, मुर्गाबनी चौक, बिंदापाथर थाना के पास तथा पालाजोड़ी काली मंदिर प्रांगण को भी इस योजना से आच्छादित किया गया है. विद्यालय परिसरों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था से विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, जबकि थाना और चौक क्षेत्रों में रोशनी बढ़ने से कानून-व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह पहल लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करती है. हाइमास्ट स्ट्रीट लाइट लगने से गांव और कस्बों में शहरी सुविधाओं का अहसास होगा. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में हाइमास्ट स्ट्रीट लाइट की स्थापना जनसुरक्षा और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है. बेहतर प्रकाश व्यवस्था से क्षेत्र में सुरक्षा, सुविधा और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा आमजन को सीधा लाभ पहुंचेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rakesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >