श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, हाइमास्ट लाइट की होगी व्यवस्था प्रतिनिधि, नाला. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के प्रयास से नाला विस क्षेत्र में कई स्थानों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. बंदरडीहा पंचायत अंतर्गत मोहजोड़ी गिरिधारी मंदिर को धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. प्रथम चरण में पहाड़ उसके आसपास के क्षेत्र को प्राकृतिक रूप से सजाने-संवारने के लिए कई एकड़ भूमि पर फलदार, इमारती पौधे लगाए गए हैं. आगे के चरण में गिरिधारी मंदिर आने श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, पेयजल, हाइमास्ट लाइटें एवं मनोरंजन के लिए संसाधन विकसित किये जायेंगे. विस अध्यक्ष ने कहा कि पर्यटन स्थल वह स्थान होते हैं जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक विरासत के कारण लोगों को आकर्षित करते हैं. ये स्थल न केवल मनोरंजन और आनंद के साधन होते हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देते हैं. इन सब बातों को दृष्टि में रखते हुए क्षेत्र में कई स्थलों को विकसित किया जा रहा है. क्षेत्र के मांलंचा पहाड़ में पौधारोपण कर प्राकृतिक रूप से सजाने संवारने का काम किया गया है. पहाड़ की तलहटी में पार्क, रेस्टहाउस आदि का कार्य जारी है. कहा कि उक्त पर्यटन स्थल विकसित होने के बाद लोगों का आना-जाना बढ़ेगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के अवसर प्राप्त होंगे. वहीं, पर्यावरण संरक्षण के लिए भी काफी फायदेमंद साबित होगा. पर्यटन स्थल हमारे देश एवं राज्य की समृद्धि और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
