हांड़ीपाड़ा में प्लास्टिक कैरेट में लगी आग, कार जलकर खाक

स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया.

मिहिजाम. नगर के पी बनर्जी रोड स्थित हांड़ीपाड़ा इलाके में रविवार शाम सब्जी रखने वाले प्लास्टिक के कैरेट में आग लग गयी. आग की चपेट में आने से कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गयी, जबकि बाइक भी झुलस गयी. हालांकि इस घटना में कोई व्यक्ति जख्मी नहीं हुआ. स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया. घटना के संबंध में बताया गया कि पी बनर्जी रोड निवासी सब्जी व्यवसायी अमित साव ने अपने घर के बाहर खुले स्थान पर सैकड़ों की संख्या में प्लास्टिक के कैरेट रखे थे. पास ही बड़ी मात्रा में लकड़ी और कागज की पेटियां भी रखी हुई थीं. अचानक प्लास्टिक कैरेट में आग लग गयी, जो धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर गयी. आग की लपटों ने पास खड़ी कार और एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. प्लास्टिक कैरेट जलने से उठता काला धुआं आकाश में ऊंचाई तक फैल गया और चारों ओर दुर्गंध फैलने लगी. काले धुएं को देख किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से सैकड़ों लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. इस बीच पास-पड़ोस के कुछ साहसी युवकों ने बाल्टी के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. आग लगने के दौरान लोगों ने अमित साव के परिजनों को सुरक्षित मकान से बाहर निकाला. आग की तेज लपटें पास के मकानों की ओर भी उठ रही थीं, जिससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. संयोगवश कोई व्यक्ति आग की चपेट में नहीं आया. घटना की सूचना पर थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया. पुलिस की सूचना पर चिरेका कारखाना से एक तथा जामताड़ा से एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा. हालांकि तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था. दमकल कर्मियों ने कचरे से उठ रहे धुएं पर पानी डालकर आग को पूरी तरह नियंत्रित किया. घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी नगर में आग लगने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मिहिजाम में दमकल वाहन उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जतायी. लोगों का कहना है कि नगर में आग लगने की स्थिति में चिरेका कारखाना या जामताड़ा से दमकल वाहन मंगाना पड़ता है, जिससे कीमती समय नष्ट होता है और संपत्ति का नुकसान बढ़ जाता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rakesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >