जामताड़ा में 1. 50 लाख लाभुकों का ई-केवाईसी अभी लंबित

जामताड़ा में राशन कार्ड के लिए ई-केवाईसी की धीमी गति पर प्रशासन सख्त। 1.50 लाख लाभुकों का सत्यापन बाकी, कम प्रगति वाले डीलरों पर होगी कार्रवाई।

संवाददाता, जामताड़ा. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के लाभुकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने में धीमी प्रगति पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. डीएसओ क्यूम अंसारी ने सभी एमओ को पत्र जारी कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा कराने और प्रगति नहीं करने वाले डीलरों की सूची एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. जिले में कुल 7,08,990 लाभुकों में से अब तक 5,58,186 लाभुकों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है, जबकि 1,50,804 लाभुकों का ई-केवाईसी अभी लंबित है. इसके लिए प्रत्येक प्रखंडों का दैनिक लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं होने पर विभाग ने नाराजगी जताई है. डीएसओ ने स्पष्ट किया है कि जिन डीलरों द्वारा ई-केवाईसी कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं की जा रही है, उन्हें चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा सहित प्रतिवेदन कार्यालय को भेजा जाए. साथ ही चेतावनी दी है कि कम प्रगति वाले डीलरों की सूची उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी. डीलरों से केवाईसी का लक्ष्य पूरा करने की अपील जामताड़ा. जिले में राशन कार्डधारियों के ई-केवाईसी अभियान को गति देने के लिए जिला आपूर्ति कार्यालय ने 75 प्रतिशत से कम प्रगति वाले डीलरों की सूची डीलर एसोसिएशन को उपलब्ध कराई है. एसोसिएशन ने संबंधित डीलरों से जल्द से जल्द ई-केवाईसी का प्रतिशत बढ़ाने की अपील की है, ताकि विभागीय कार्रवाई से बचा जा सके. एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद भैया ने बताया कि जिले में कुल 626 डीलर हैं, जिनमें से 172 डीलरों की ई-केवाईसी प्रगति 75 प्रतिशत से कम है. प्रखंडवार सूची में फतेहपुर के 29, कुंडहित के 14, करमाटांड़ के 19, नाला के 14, जामताड़ा प्रखंड के 29, जामताड़ा नगर पंचायत के 7, मिहिजाम के 1 और नारायणपुर के 58 डीलरों का नाम शामिल है. कहा कि जिन डीलरों को ई-केवाईसी कराने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्याएं आ रही है, तो वे पहले अपने-अपने एमओ से संपर्क करें. यदि समस्या का समाधान नहीं होता है तो डीलर एसोसिएशन से संपर्क करें, ताकि मामले से जिला आपूर्ति कार्यालय और उपायुक्त को अवगत कराकर समाधान कराया जा सके. एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी देव कुमार साव ने सभी डीलरों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र ई-केवाईसी कार्य पूरा करने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Umesh kumar

Published by: Janardan Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >