प्रतिनिधि, नाला. नाला प्रखंड क्षेत्र के कुलडंगाल गांव में रविवार को झामुमो पंचायत कमेटी के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इस दौरान विभिन्न दलों से आए दर्जनों लोगों ने झामुमो की विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. विधानसभा अध्यक्ष ने सभी नवागंतुक सदस्यों को माला व पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया.
‘माटी की पार्टी’ के दावे पर जोर
पार्टी नेता सानंदमोहन माजी ने कहा कि झामुमो माटी की पार्टी है. पार्टी गरीब, आदिवासी, मूलवासी, पिछड़ा, दलित एवं आम लोगों के मौलिक अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड के मूलवासियों के अधिकारों को प्रभावित करने वाले फैसलों और नीतियों के खिलाफ झामुमो संघर्ष करता रहेगा. उन्होंने एसआइआर को लेकर लोगों को हो रही परेशानियों का भी उल्लेख किया.
‘पार्टी एक परिवार’, महतो ने कहा
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि झामुमो आंदोलन की उपज है. गरीब, आदिवासी और मूलवासी लोगों के हक-हुकूक की रक्षा के लिए पार्टी संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा कि झामुमो केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि एक परिवार है. पार्टी हर कार्यकर्ता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहेगी.
मौके पर अजित पाल, सुजन दास, झूलन झा, जयदेव पाल, जयदेव कर, सपन कर, राजेन मंडल, अजय दास समेत दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. कार्यक्रम में तपन कुमार झा, मड़ीराम माजी, प्रफुल्ल कुमार, वीर बालक हांसदा, शेख मुरसलीम, गोपी माजी, माधव चंद्र मंडल, विजय झा, महेश हेंब्रम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
