प्रतिनिधि, नारायणपुर (जामताड़ा). प्रखंड विधानसभा अधिकारी कार्यालय कक्ष में गुरुवार को बीडीओ कमलेश कुमार दास की अध्यक्षता में जनगणना 2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए परगणकों द्वारा घर-घर जाकर जुटायी जा रही आधारभूत जानकारियों पर चर्चा की गयी.
बिजली, पानी से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जा रही जानकारी
बीडीओ ने बताया कि वर्तमान में परगणक घर-घर पहुंचकर नागरिकों से आवश्यक बुनियादी जानकारी एकत्र कर रहे हैं. इस दौरान गांवों की आधारभूत संरचना से जुड़ी विभिन्न जानकारियां जुटायी जा रही हैं. इनमें बिजली, पेयजल, सड़क, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाएं, अस्पताल की उपलब्धता और उसकी स्थिति समेत अन्य बिंदु शामिल हैं.
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से संबंधित आंकड़े तैयार किये जायेंगे, जो आगे की योजना बनाने में महत्वपूर्ण होंगे.
नागरिक निर्भीक होकर करें सहयोग
बीडीओ ने कहा कि जनगणना के लिए जानकारी सरकारी कार्य के उद्देश्य से जुटायी जा रही है. इसलिए नागरिक किसी प्रकार की आशंका या भ्रम में न रहें और परगणकों को सही जानकारी उपलब्ध करायें. उन्होंने लोगों से निर्भीक होकर जनगणना कर्मियों का सहयोग करने की अपील की, ताकि क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का सही आंकड़ा तैयार किया जा सके.
पारदर्शिता पर विशेष जोर
बैठक में संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र के अनुसार सभी आवश्यक जानकारियों का संकलन करें. कार्य में पारदर्शिता, गंभीरता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया.
अधिकारियों ने कहा कि सही और विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकेगा. बैठक में संबंधित कर्मी एवं अधिकारी मौजूद रहें.
