लॉगइन फेल होने से बच्चों का नहीं हो सका आधार पंजीकरण, लौटे अभिभावक

फतेहपुर. जिला प्रशासन की ओर से शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के आधार पंजीकरण के लिए पंचायतवार विशेष शिविर लगाया जा रहा है.

फतेहपुर. जिला प्रशासन की ओर से शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के आधार पंजीकरण के लिए पंचायतवार विशेष शिविर लगाया जा रहा है. बुधवार को फतेहपुर प्रखंड की आगैया-सरमुंडी पंचायत में लगाए गए शिविर में तकनीकी समस्या के कारण पूरे दिन कार्य प्रभावित रहा. सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक भी बच्चे का आधार पंजीकरण नहीं हो सका, जिससे दूर-दराज के गांवों से पहुंचे अभिभावकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. शिविर में आधार पंजीकरण का कार्य कर रहे भोक्ताडीह डाकघर के पोस्टमास्टर भोला कुमार ने बताया कि सुबह से ही आधार पोर्टल में लॉगइन करने का प्रयास किया गया, लेकिन बार-बार कोशिश के बावजूद सिस्टम में लॉगइन नहीं हो पाया. तकनीकी बाधा के कारण आधार नामांकन प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो सका, जिससे एक भी बच्चे का आधार पंजीकरण नहीं हो पाया. आगैया-सरमुंडी पंचायत के विभिन्न गांवों से करीब 40 अभिभावक अपने छोटे बच्चों को लेकर आधार पंजीकरण कराने पहुंचे थे. कई अभिभावक घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर लौट गये. मौके पर मौजूद प्रतिमा कुमारी, गोपाल सोरेन, परिमल मुर्मू, अरुण टुडू, सुनील कुमार हेंब्रम, उषा मोची, कदम रविदास व संतना मिर्धा आदि ने व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए जल्द सुधार की मांग की. उन्होंने कहा कि बच्चों के आधार पंजीकरण के लिए बार-बार पंचायत कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है. पोस्टमास्टर भोला कुमार ने बताया कि शून्य से पांच वर्ष के बच्चों का आधार बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता का आधार कार्ड तथा पंजीकृत मोबाइल नंबर आवश्यक होता है. उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद तकनीकी कारणों से कार्य नहीं हो सका.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JIYARAM MURMU

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >