पहल. प्रशासनिक स्वीकृति के बाद शुरू होगा निर्माण संवाददाता, जामताड़ा. जामताड़ा शहर के कचरा निपटान की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गयी है. नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों से निकलने वाले ठोस कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन ने सदर प्रखंड के सुपायडीह मौजा में करीब तीन एकड़ जमीन चिह्नित किया है. जमीन से संबंधित कागजी प्रक्रिया अंचल कार्यालय में अंतिम चरण में है और जल्द ही इसकी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जायेगी. स्वीकृति मिलते ही जमीन नगर पंचायत को हस्तांतरित कर दी जाएगी, जहां आधुनिक कचरा प्रबंधन प्लांट स्थापित किया जायेगा. जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और शहरीकरण के कारण प्रतिदिन निकलने वाले कचरे की मात्रा में तेजी से वृद्धि हो रही है. वर्तमान समय में समुचित ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था नहीं होने के कारण नगर के सभी वार्डों का कचरा समाहरणालय रोड के किनारे फेंका जाता रहा है. इस कारण सड़क किनारे से दुर्गंध की समस्या बनी रहती है. लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने और शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है. प्रस्तावित प्लांट में कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन किया जायेगा. इससे शहर में बेतरतीब ढंग से कचरा फेंकने की समस्या पर रोक लगेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. नगर पंचायत से उम्मीद है कि जमीन मिलने के बाद प्लांट शुरू होगी, जिसके बाद सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी. शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में मदद मिलेगी. क्या कहते हैं सीओ – सुपायडीह मौजा में जमीन चिह्नित कर ली गयी है. ग्रामसभा की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गयी है. अब जमीन संबंधी रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त को भेजी जाएगी. स्वीकृति मिलने के बाद जमीन नगर पंचायत को हस्तांतरित कर दी जायेगी, ताकि जल्द से जल्द कचरा प्रबंधन प्लांट का निर्माण कार्य शुरू किया जा सके. – अविश्वर मुर्मू, सीओ, जामताड़ा
सुपायडीह मौजा में बनेगा आधुनिक कचरा प्रबंधन प्लांट, तीन एकड़ जमीन चिह्नित
जामताड़ा. जामताड़ा शहर के कचरा निपटान की समस्या का समाधान होने वाला है. इस दिशा में जिला प्रशासन की ओर से बड़ी पहल शुरू की गयी है.
