दुर्घटना . मिहिजाम के पुराना चेक पोस्ट के पास घटी घटना
तीन मवेशी भी मारे गये
अनियंत्रित थी पिकअप वैन
सड़क छोड़ कर मवेशियों व विनोद को कुचला
मिहिजाम : नगर के पुराना चेक पोस्ट के पास मुख्य पथ पर अनियंत्रित पिकअप वैन की चपेट में आने से एक व्यक्ति सहित तीन दुधारु मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गयी है. यह घटना शनिवार देर रात दो बजे के आसपास की है.
मुख्य पथ के किनारे रेलवे की जमीन पर विनो यादव (58) अपनी फुस के मकान के बाहर सोया हुआ था. आसपास उनके मवेशी भी बंधे थे. इसी दौरान डब्ल्यूबी 37 डी 1038 पिकअप वैन तेजी से आयी और सड़क को छोड़ कर मवेशियों व खाट पर सो रहे विनो यादव को कुचल दिया. इसके बाद वैन गड्डे में जा फंसी. वैन जामताड़ा की ओर से बंगाल की तरफ जा रही थी. अचानक हुई घटना से विनोद के परिजनों में कहर ढा गया. परिजनों की चीख पुकार से पास पड़ोस के लोग जमा हो गये. वहीं परिवार की महिला शकुंतला देवी को चोट लगी है, जिसका प्राथमिक उपचार कराया गया. इधर, घटना के बाद वाहन चालक एवं खलासी भाग गया.
वाहन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है. सुबह होते ही मार्ग पर लोगों की भारी भीड़ वहां जमा हो गयी. लोग आक्रोशित थे और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. सूचना पर स्थानीय पुलिस तथा बीडीओ अमित कुमार मौके पर पहुंचे. बीडीओ ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत सहायता प्रदान किया जायेगा. साथ ही मृतक की पत्नी काे वृद्धा पेंशन प्रदान किया जायेगा. श्राद्ध के लिये निजी स्तर से सहायता देंगे. कहा कि मवेशियों का भी पोस्टमार्टम कराया जायेगा. तभी इन्हें मुआवजा मिलेगा. मौके पर प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी को पशुओं के पोस्टमार्टम के निर्देश दिए गए.
