अब तक नहीं चला ट्रक का कोई अता पता
चालक के हर बयान पर नजर रख रही पुलिस
मिहिजाम : दुर्गापुर से टीएमटी सरिया लाद कर बिहार के पटना जा रही एक 12 पहिए वाली हाइजेक हुई ट्रक का कुछ अता पता नहीं चल पाया है. हालांकि पुलिस ने थाने में मामला दर्ज कर लिया है. लेकिन चालक के पूर्व में बार-बार बयान बदलने से पुलिस उधेड़बुन में फंसी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना के बारे में चालक के बयान पर हर बिंदु पर नजर रखी जा रही है. चालक ने सबसे पहले ट्रक मालिक के मां को फोन कर बताया था कि वाहन जमुई से गायब हो गयी है.
बाद में सीमा पर स्थित रुपनारायणपुर थाने में इसकी रपट लिखवाने गया. वहां रपट नहीं लिखा गया तो ट्रक के लापता होने का स्थल मिहिजाम थाना क्षेत्र के कानगोई बताते हुए मिहिजाम थाना में इसकी रपट दर्ज करायी. पुलिस ट्रक की पड़ताल में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है. ट्रक पर करीब 25 टन लोहे का सरिया लोड था.
जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बतायी गयी है. घटना बुधवार रात्रि की है. आसनसोल निवासी ट्रक मालिक ने मिहिजाम थाना में शिकायत दर्ज करायी है. ट्रक चालक संजय यादव ने पुलिस को ट्रक के गायब होने की घटना की सूचना दी थी. घटना के बारे में बताया यह भी जा रहा है कि दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश लुटेरों ने पिस्तौल की नोक पर चालक को उतार कर ट्रक अगवा किया है
मामले को लेकर रुपनारायणपुर टोल टैक्स केंद्र सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला गया. लेकिन सीसीटीवी कैमरा बंद रहने से पुलिस को इसमें सफलता हाथ नहीं लग पायी है. मालूम हो कि इससे पूर्व भी मिहिजाम इलाके से कई वाहन गायब हो चुके हैं.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने कहा कि घटना उनके इलाके में नहीं हुई है. फिर भी पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर पड़ताल में जुटी हुई है. चालक भी बार-बार अपने बयान को बदल रहा है.
