निर्देश . डीलरों के साथ डीसी ने की बैठक, कहा :
राशन का लैप्स किसी भी हाल में न करें: डीलर
डीलर गांव के विकास के अंग है
शौचालय निर्माण में सामग्री का सप्लाई कर सकते हैं डीलर
जामताड़ा : जिला के डीलरों के साथ उपायुक्त रमेश कुमार दूबे ने गुरुवार को एसजीएसवाई हॉल में बैठक की. इस दौरान उपायुक्त श्री दूबे ने कहा कि डीलर वैसे लाभुकों की सूची दें जो संपन्न परिवार से आते हैं. संपन्न परिवारों का नाम खाद्य सुरक्षा अधिनयम से हर हाल में हटेगा और उनके जगह पर खाद्यान्न नहीं पाने वाले गरीब लोगों का नाम जोड़ा जायेगा. उपायुक्त ने कहा कि जिला में 20 से 25 हजार लाभुक गैर तरीके से खाद्यान्न उठा रहे हैं. जिसे हर हाल में नाम काटना है. नये लाभुकों का नाम विभाग द्वारा कैंप लगा कर जोड़ा जायेगा. ई-पॉस मशीन को लेकर उपायुक्त ने कहा कि सिस्टम में जो भी कठिनाई है उसे जल्द ही दुरुस्त किया जायेगा. कहा डीलर अपना हिसाब सही रुप से रखें. हिसाब में किसी प्रकार गड़बड़ी पाये जाने पर कार्रवायी तय है. राशन का लैप्स किसी भी हाल में नहीं होना चाहिए. लैप्स राशन को सरकार भी स्वीकार नहीं करेगी.
डीलरों ने सुनाया उपायुक्त को अपनी समस्या
बैठक के दौरान डीलरों ने भी उपायुक्त को अपनी समस्या को सुनाया. इस दौरान डीलर संघ के जिला अध्यक्ष मोहन भैया ने उपायुक्त को कहा कि ई-पॉस मशीन में अक्सर खराब एवं सामग्री एवं मूल्य नहीं दर्शाता है. पॉस मशीन का वितरण बिना सर्वे का किया गया. ऑन लाइन मशीन में टावर नहीं रहने के कारण दूकानदारों को अनाज वितरण करने में काफी असुविधा होती है. इस कारण उपभोक्ता से लगातार डीलर को कोपभाजन का शिकार होना पड़ता है. श्री भैया ने कहा कि सितंबर माह का चीनी तो प्रति कार्ड चार किलो ग्राम देना था. वह चीनी अक्तूबर माह के अंतिम सप्ताह में आपूर्ति की गयी. कहा : लगभग सभी दूकानदारों के पास चीनी बचा रहा. पॉस मशीन में 60 दिनों के बाद सामग्री दर्शाया नहीं जाता है. जिसके कारण प्राय: सभी दूकानदारों के पास चीनी बचा हुआ है. वह चीनी खराब हो रहा है. किरासन तेल की आपूर्ति छतीसगढ़ की तर्ज पर दुकान परिसर तक पहुंचाकर टेंक बनवाकर किरासन तेल डालने की व्यवस्था करने का मांग किया. जिला के सभी गोदाम में सुव्यवस्थित ढंग से रोस्टर द्वारा दूकानदारों को समय पर दुकान परिसर तक समय पर पहुंचाने का मांग किया.
बैठक के दौरान ये थे उपस्थित
एमओ सह सीओ राकेश भूषण, एमओ गुफरान अहमद, पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी साधु शरण, डीलर गोपाल डालमिया, जयदेव दास, समर माजी, सौरव मंडल, शिरोमणी यादव, अनिल गुप्ता, देव कुमार साव, रेश जैन, दिनेश हेंब्रम, महादेव मरांडी, तरुण बनर्जी सहित अन्य डीलर उपस्थित थे.
कहा : लैप्स हुए राशन को सरकार भी नहीं करेगी स्वीकार
डीलरों के साथ बैठक करते डीसी रमेश कुमार दुबे, एसडीओ व अन्य पदाधिकारी.
डीलर ग्रामीणों को शौचालय निर्माण को करें प्रेरित
वहीं स्वच्छ भारत मिशन को लेकर उपायुक्त ने कहा कि 31 मार्च 2017 को जिला को ओडीएफ करना है. इसके लिए डीलर को भी आगे आना जरूरी है. डीलर गांव के विकास के अंग है. डीलर गांव के वैसे लोग बने हैं जो प्रभाव शाली व अच्छे होते हैं. डीलर अपने भावना को बनाये रखें. डीलर गांव के लोगों के साथ बैठक कर शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित करें और निर्माण किये गये शौचालय का उपयोग करें. उपायुक्त ने कहा कि जो लोग अपने से शौचालय का निर्माण करना चाहते थे वे शौचालय का निर्माण करें. विभाग उन्हें 12 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दिया जायेगा. शौचालय निर्माण के सामग्री को डीलर सप्लाई कर सकते हैं.
