विरोध करने पर पीड़िता समेत परिजनों से मारपीट
जामताड़ा : थाना क्षेत्र के सरखेलडीह मुहल्ले में महिला से हुई छेड़खानी के विरोध में दो गुटों में जमकर पथराव हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराया. घटना शुक्रवार की शाम चार बजे की है.
पीड़ित महिला ने बताया कि उनका पति घर में नहीं थे. इसी दौरान मुहल्ले का सापी बाउरी दोपहर आया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा. संयोग से उसका पति उसी वक्त घर आ गया. वहीं विरोध करने पर उक्त युवक ने महिला के पति व घरवालों से मारपीट कर जख्मी कर दिया. मामले की जानकारी होने पर विरोध में दो गुटों में पथराव हुआ.
जिससे मुहल्ले में तनाव बढ़ गया. सूचना पर एएसआइ रवींद्र कुमार व अमजद अंसारी पहुंचे और लोगों को समझा कर मामला शांत कराया. वहीं पुलिस के पहुंचते ही युवक घर से फरार हो गया. इसके बाद पीड़ित महिला के परिजन थाना पहुंचे और युवक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने महिला के परिजनों को युवक को शीघ्र गिरफ्तार कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.
