मिहिजाम : क्या जमाना आ गया है, अब ममता भी इतनी निर्दयी हो गयी है कि अपने कलेजे के टुकड़े को भी नहीं बख्सती है. मंगलवार को एक मां ने अपने दो बच्चों को भटकने के लिए छोड़ दिया और खुद गायब हो गयी. दोनों बच्चों को प्लेटफॉर्म पर भटकते देख लोगों ने जीआरपी को इसकी सूचना दी.
जीआरपी ने दोनों को अपने संरक्षण में ले लिया है. इन दो बच्चों में एक लड़का व एक लड़की है. लड़का अपना नाम आकाश चार वर्ष व लड़की अपना नाम पायल उम्र पांच वर्ष बता रही है. दोनों ने अपना पता मालदा पश्चिम बंगाल बता रहे हैं.
पिता का नाम संतोष व मां का नाम रीता बताया है. बच्चों ने बताया कि दोनों मां के साथ ट्रैन से जा रहे थे. चितरंजन स्टेशन पर बिना कुछ बताए मां ने दोनों को ट्रेन से नीचे उतार दिया और फिर ट्रेन चली गयी. बच्चो के मुताबिक मालदा में उनका मामा घर है जहां दोनों मां के साथ रहते थे. उनके पिता बिहार में रहते हैं. बच्चे मालदा का पूरा पता नहीं बता पा रहे हैं. मालदा में बच्चों के मामा व अन्य खेतीबाड़ी करते हैं. पुलिस दोनों बच्चों को देवघर बाल सुधारगृह भेजने की तैयारी कररही है.
