जामताड़ा :सरकार व प्रशासन के लाख प्रयास के बावजूद नाला इलाके में कोयले का अवैध धंधा बंद नहीं हो सका है. पहले ट्रकों से कोयला ढोया जाता था अब भैंसागाड़ियों से ढोया जा रहा है. सोमवार को नाला में जब्त कोयले ने इसकी पुष्टि कर दी है कि इस इलाके में अभी भी कोयले का अवैध धंधा जारी है. यह कोई नई बात नहीं है. इसके पहले भी कोयले पकड़े गये हैं. लेकिन कारोबार नहीं रुका.
खबर है कि नाला इलाके में इसीएल के बंद खदानों से कोयला का अवैध उत्खनन किया जा रहा है. कुछ दिन पहले सरकार के निर्देश के बाद कुछ खदानों को भरा गया था. लेकिन उसके बाद इन खदानों की क्या स्थिति है यह देखने कोई नहीं गया. अंजाम यह है कि अब फिर से उसी खदानों से माफिया ग्रामीणों की मदद से कोयला निकाल रहे हैं. हालांकि पूर्व में जिस अनुपात में कोयला निकाला जाता था. अब वैसा नहीं होता.
