नोनीहाट : नोनीहाट के नोनी गांव में रविवार को एक नव विवाहिता की हत्या कर दी गयी. मृतका के पिता के मुताबिक, दहेज लोभी ससुरालवालों ने उनकी बेटी के गले में फंदा डाल कर उसे मार डाला. मृतका करुणा देवी की शादी पवन कुमार साह के साथ 15 महीने पहले हुई थी.
बताया जा रहा है कि ससुराल में करुणा प्रताड़ित भी होती रहती थी. पिता विरेंद्र कुमार शर्मा ने थाना में ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज करायी है. जिसमें दामाद पवन कुमार साह के अलावा ससुर राम साह, सास इंदु देवी, भैंसुर राजू साह, देवर मनोज साह, ननद उषा कुमारी को नामजद आरोपित बनाया है करुणा को किसी से मिलने की नहीं थी इजाजत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्रताड़ना की सारी हदों को पार करते हुए ससुरालवालों ने करुणा को गांव की किसी भी महिला से मिलने तक पर पाबंदी लगा दी थी और यहां तक कि उसके मायके वालों को भी करुणा से मिलने की इजाजत नहीं थी.
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी, सभी आरोपित फरार
हत्या की सूचना पाकर मौके पर हंसडीहा थाना प्रभारी एसआइ कृष्णा प्रसाद, बीके सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दफा 304 बी के तहत मामला दर्ज कर पुलिस अनुंसधान में जुट गयी है. घटना के बाद से ही पति, ससुर, भैंसुर व देवर फरार हैं.
