जामताड़ा : करमाटांड़ पुलिस ने शनिवार देर शाम साइबर क्राइम के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने लाखों के सामान सहित एक युवक वसीम को भी पकड़ा है. पुलिस ने दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है.
लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस नहीं कर रही. थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि दूसरे के एटीएम का पिन नंबर उड़ा कर गिरोह शॉपिंग करता था और उन सभी सामानों को लेकर गिरोह का वसीम अपने घर करमाटांड के नावाडीह आ रहा था.
इसकी गुप्त सूचना पुलिस को मिली और मौके पर जाकर पुलिस ने उसे दबोच लिया. पुलिस ने एक बोलेरो भी जब्त किया है, जिसमें सामान लाद कर लाया जा रहा था. पुलिस ने बताया कि मधुपुर में किसी ट्रेन से सामान उतारा गया था. उधर वसीम ने पुलिस को कहा है कि यह सामान उसका नहीं है, उसके किसी दोस्त ने कहा था कि सामान रख दो इसलिए वह अपने घर में सामान रख रहा था. हालांकि उसने उस दोस्त का नाम नहीं लिया है.
पुलिस अन्य दोस्तों का नाम उससे उगलवाने में जुटी है.
कैसे करता था शॉपिंग : गिरोह दिल्ली में किसी अली हुसैन व मो शहबाद के नाम से शॉपिंग की जाती थी. ये दूसरों को फोन पर बरगला कर उसके एटीएम का पिन नंबर लेते थे और उससे ऑन लाइन शॉपिंग कर महंगे से महंगे सामान मंगवाते थे. पुलिस ने जो सामान जब्त किया है वे प्राय: पे-टीएम नामक शॉपिंग कंपनी के हैं. पुलिस ने अन्य दो युवकों के नाम का खुलासा नहीं किया है. खबर यह भी है कि जिस बोलेरो को पुलिस ने कथित रूप से जब्त किया है वह किसी वीआइपी का है.
साइबर क्राइम का गढ़ है करमाटांड़ : जामताड़ा जिले का करमाटांड़ इलाका साइबर क्राइम के मामले में काफी चर्चित हो चुका है. विभिन्न राज्यों की पुलिस यहां कई बार छापेमारी कर चुकी है. कई लोग पकड़े भी जा चुके हैं. लेकिन अब तक सरगना तक पहुंचने में पुलिस कामयाब नहीं हो पायी है. पूरे देश में जहां भी साइबर क्राइम की घटनाएं होती हैं उसका कोई ना कोई तार करमाटांड़ से जुड़ा होता है.
क्या-क्या सामान जब्त किया गया
वेस्टर्न कंपनी का 32 इंच का एलक्ष्डी, वीडियोकॉन का 99 सीएम का एक एलक्ष्डी, सेमसंग कंपनी का 32 इंच का एक एलक्ष्डी, सेमसंग कंपनी का 28 इंच का एक एलक्ष्डी, एलजी कंपनी का एक एलक्ष्डी, विभिन्न कंपनी के छह मिक्सी, एक सूटकेस, तीन महंगे एंड्रायड व तीन छोटे मोबाइल, एक कंप्यूटर व एक मियू कवर. इनकी कीमत पुलिस ने दो लाख से ज्यादा आंकी है.
