नाला : प्रखंड क्षेत्र के बड़ारामपुर पंचायत क्षेत्र में संचालित मनरेगा योजना कार्यों की जांच प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल ने किया. क्षेत्र के मथुराकुड़ी, कपासडंगाल, नाड़ीथोल, घुसरूकाटा में निमार्णाधीन मिट्टी मोरम, ग्रेड वन सड़क सहित इंदिरा आवासों का निरीक्षण किया.
योजनाओं का निरीक्षण कर उन्होंने संबंधित पंचायत के कर्मचारी एवं लाभुकों को कई निर्देश दिया. उन्होंने नाड़ीथोल से डाबर सीमा के बीच निमार्णाधीन मिट्टी मोरम सड़क का जायजा लेने के उपरांत टॉपिंग में ओर मिट्टी भरने तथा प्राक्कलन के अनुसार कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया है. इसी क्रम में एकलब्यपुर से झांटीपहाड़ी तक बनाए जा रहे रास्ता को मोरम डालते हुए सुधार करने को कहा गया है.
क्षेत्र दौरा के क्रम में बीडीओ श्री जायसवाल ने बालीचुड़ गांव में निमार्णाधीन इंदिरा आवास का भी जायजा लिया. गांव में शंकर हेम्ब्रम एवं विभीषण मुमरू द्वारा द्वितीय किस्त की राशि लेने के बाद भी आवास अधूरा रहने का कारण पूछा गया. उक्त दोनों लाभुकों को यथाशीघ्र आवास का छत एवं अन्य अधूरा काम पूरा करने को कहा गया. क्रम में सहायक अभियंता निखिल साह एवं कनीय अभियंता एचएन शर्मा मुख्य रूप से शामिल थे.
