दादा-दादी ने बेटा- बहू की शिकायत की, नवजात बरामद किया गया
जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र के लीला नगर की घटना
मिहिजाम कुर्मीपाड़ा के एक नि:संतान दंपती को बेचा था बच्चा
जामताड़ा : जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मशार करने वाली घटना सामने आयी है. जिसमें मिहिजाम के लीला नगर निवासी एक दंपती ने अपने नवजात बच्चे को बेच दिया. इस बात का खुलासा तब हुआ, जब बच्चे के दादा-दादी ने लीगल राइट्स सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन संस्था से संपर्क कर अपने बेटे और बहू पर ही बच्चा बेचने का आरोप लगाया.
संस्था की सचिव आरती सिन्हा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सीडब्लूसी देवघर को घटना की जानकारी दी और स्थानीय थाना के साथ जामताड़ा एसपी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की़ दिये गये आवेदन में दादा दुलाल दास ने कहा कि उसकी बहू ने सदर अस्पताल जामताड़ा में तीन दिन पहले बेटे को जन्म दिया था. बेटा उज्ज्वल दास और बहू ने पैसे के लालच में नवजात को बेच दिया है और इसकी सही जानकारी नहीं दे रहे हैं. उन्होंने इस संदर्भ में कार्रवाई करने और बच्चे को बरामद करने की गुहार लगायी.
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने दिखायी तत्परता : एसपी ने तत्काल मामले पर संज्ञान लेते हुए मिहिजाम थाना को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया़ पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उज्ज्वल दास और उसकी पत्नी ने बताया कि मिहिजाम कुर्मीपाड़ा के एक दंपती को उसने बच्चा बेचा था़
पुलिस ने जब उक्त दंपती से पूछताछ की तो पहले उसने चित्तरंजन में बच्चा रखने की बात कही. इसके बाद जब पुलिस ने दबाव बढ़ाया ताे उसने दुर्गापुर में बच्चा रखने की बात कही. शनिवार की रात दंपती ने बच्चे को मिहिजाम के सुपुर्द किया़ थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चा लेने वाले दंपती सन्नी और गीता को कोई संतान नहीं है़ उन्होंने पूर्व में ही उज्ज्वल दास को यह बच्चा उन्हें देने को कहा था. इसके एवज में शुरू से ही वे उसे आर्थिक मदद कर रहे थे़
समाज को शर्मसार कर देने वाली यह घटना पति-पत्नी के द्वारा की गयी है. नवजात शिशु को सदर अस्पताल जामताड़ा से ही बेच दिया गया है़ बच्चे के दादा-दादी ने इसकी जानकारी दी, तो मामले को पुलिस के समक्ष लाया गया. एसपी के पहल से बच्चे की बरामदगी हो गयी है़
आरती सिन्हा, सचिव लीगल राइट्स एंड सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन
