जलमिनार के शिलान्यास पर नाला में राजनीति
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा उन्होंने किया है तीन साल पहले शिलान्यास
दोबारा जलमिनार का शिलान्यास किया झामुमो विधायक ने
नाला : नाला में करोड़ों के जलापूर्ति योजना के शिलान्यास को लेकर राजनीति शुरू हो गयी है. भाजपा व झामुमो अपनी डपली अपना राग अलापने में जुटी है. बता दें कि पांच जून को नाला में विधायक रविंद्र नाथ महतो ने इस जलमिनार का शिलान्यास बड़े समारोह का आयोजन कर किया था. अब भाजपा इस शिलान्यास पर भड़क गयी. भाजपा जिलाध्यक्ष सुकुमुनी हेंब्रम का कहना है कि जिस योजना का शिलान्यास विधायक श्री महतो ने सोमवार को किया है
उसका शिलान्यास वे तीन साल पहले ही कर चुकीं हैं. उस दौरान वे जिला परिषद अध्यक्ष थीं. लेकिन झामुमो के नेता इस बात को मानने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं. बुधवार को नाला के झामुमो कार्यालय में पार्टी की एक बैठक जयधन हांसदा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा स्थानीय विधायक रवींद्र नाथ महतो की बढ़ते कदम से घबरा गयी है. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, पुल-पुलिया, सड़क, तमाम क्षेत्र में जनता के आशानुकूल काम किये हैं.
ऐसे विकास से भाजपा को जलन हो रही है. इसलिए घबराहट में भाजपा जिलाध्यक्ष ऐसा बयान दे रहीं हैं. बैठक में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य नारायण मंडल, शेख जहांगीर, शेख फटीक, भवसिन्दु लायेक, गुपीन सोरेन, सानंद माजी, अनंत मंडल, जगन्नाथ घोष, विजय राणा, नदिया नंद मित्र, प्रभाकर पाल, गणेश मरांडी, कालीपद दास, मो अनसारुल हक, उत्तम मंडल आदि ने भी भाजपा जिला अध्यक्ष सुकमुनी हेंब्रम व जिला उपाध्यक्ष अनुप यादव के बयान का खंडन किया है. कहा है कि आने वाले समय में जनता भाजपा को माकूल जवाब देगी. जनता के समक्ष अपनी साख बचाने के लिए भाजपा ऐसे बयान दे रही है.
2014 में जिला परिषद अध्यक्ष रहते हुए मैंने इसका शिलान्यास किया था. इस मौके पर विद्युत विभाग व पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता भी मौजूद थे. तात्कालीन मंत्री सत्यानंद झा ने इस जलमिनार की स्वीकृति दिलायी थी. झामुमो के बयान देने से सच्चाई नहीं बदल सकती. जो सच्चाई थी मैंने उसे जनता के बीच रखा है.
सुकुमुनी हेंब्रम, भाजपा जिलाध्यक्ष.
2017 में मिली स्वीकृति
फतेहपुर . झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष परेश यादव अरविंद कुमार मुर्मू ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि योजना इसी वर्ष जनवरी माह में स्वीकृत हुआ है. नाला विधायक ने 21 जनवरी नाला में जलमिनार निर्माण की मांग विस में की थी. जिस पर विभागीय मंत्री ने इस योजना की स्वीकृति दी.
