जमशेदपुर. भाजयुमो के सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक निकाली जा रही बाइक यात्रा तेजी से आगे बढ़ रही है. राष्ट्रव्यापी इस यात्रा में शामिल बाइकर्स अलग-अलग राज्यों से गुजरते हुए सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य कर रहे हैं. यात्रा दल रास्ते में जगह-जगह रुककर पौधारोपण कर रहा है, जरूरतमंदों के बीच फल बांट रहा है और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहा है.
इस अभियान में पूरे झारखंड से कुल 17 चुनिंदा युवा कार्यकर्ता शामिल हैं. बाइक राइडर्स प्रभारी के रूप में जमशेदपुर के प्रदीप मुखर्जी यात्रा दल का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि पाकुड़ के दीपक कुमार शाह सह प्रभारी हैं. जमशेदपुर और पूरे कोल्हान से प्रदीप मुखर्जी इस यात्रा में शामिल इकलौते राइडर हैं.
झारखंड के 17 राइडर्स यात्रा में शामिल
यात्रा में झारखंड से शामिल अन्य राइडर्स में रांची के साकेत सिंह, मंजीत सिंह और निशांत पांडेय, साहेबगंज के अमित कुमार भारती, जयकांत मंडल और धर्मेंद्र मंडल, पाकुड़ के श्याम कुमार भगत, गोड्डा के रविंदर शर्मा, धीरज कुमार शाह, सौरव सुमन, सावन जोशी और सोनू शाह, हजारीबाग के सत्यजीत विद्या अलंकार और शिव शंकर कुमार तथा देवघर के सत्यम कुमार शामिल हैं.
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी यात्रा
यह बाइक यात्रा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. यात्रा को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था.
जमशेदपुर से प्रदीप मुखर्जी के प्रतिनिधित्व को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने खुशी जतायी है.
