बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के डोमजुड़ी गांव निवासी 26 वर्षीय मनोरंजन ओझा की गुरुवार रात ओड़िशा के जामशोला में सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. वह स्व तारापद ओझा के पुत्र थे. हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. जानकारी के अनुसार, मनोरंजन बाइक से जामशोला स्थित एक लाइन होटल में काम करने जा रहे थे.
इसी दौरान रात करीब आठ बजे जामशोला पुराने चेक पोस्ट के समीप एनएच पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
घटना की सूचना मिलने पर ओड़िशा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है. असमय मौत की खबर से गांव में मातम पसरा है.
