केएमपीएम कॉलेज खोलने की मांग पर युवा कांग्रेस का धरना, 15 दिन का अल्टीमेटम; नहीं तो...

जमशेदपुर में केएमपीएम इंटर कॉलेज को बंद करने के विरोध में युवा कांग्रेस ने धरना दिया. कॉलेज को जल्द से जल्द दोबारा खोलने की मांग की गई है.

जमशेदपुर : शहर के प्रतिष्ठित केएमपीएम इंटर कॉलेज को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी ने बिष्टुपुर गोलचक्कर स्थित पोस्टल पार्क के सामने धरना दिया. इसका नेतृत्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने किया. कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा भी शामिल हुईं.

केएमपीएम इंटर कॉलेज को बंद करना जनविरोधी फैसला : नवनीत

धरने को संबोधित करते हुए नवनीत मिश्रा ने कहा कि टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा वर्ष 1915 में स्थापित केएमपीएम इंटर कॉलेज को बंद करना जनविरोधी फैसला है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत को-ऑपरेटिव, करीम सिटी, वीमेंस और वर्कर्स कॉलेज समेत कई डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद होने से शहर के हजारों छात्र-छात्राओं के सामने दाखिले का संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा कि सीमित सीटों के कारण बड़ी संख्या में छात्रों को इंटर में दाखिला नहीं मिल पा रहा है. इसके चलते कई विद्यार्थी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हैं. युवा कांग्रेस ने टाटा स्टील से अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत केएमपीएम इंटर कॉलेज को जल्द दोबारा शुरू करने की मांग की.

15 दिन में फैसला नहीं तो टाटा स्टील के गेट पर अनशन

नवनीत मिश्रा ने टाटा स्टील प्रबंधन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा - यदि इस अवधि में कॉलेज को दोबारा शुरू करने को लेकर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो युवा कांग्रेस टाटा स्टील के मुख्य गेट के सामने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेगी. उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी. युवा कांग्रेस का कहना है कि कॉलेज के दोबारा खुलने से शहर के उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें इंटर की पढ़ाई के लिए सीमित सीटों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के रबींद्र कुमार झा, विजय यादव और पारितोष सिंह, युवा कांग्रेस के विकास मुखी, रवि रंजन कुमार और नीरज साहू समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच का संचालन जिला सचिव रंजीत झा ने किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश सिंह

ब्रजेश सिंह. प्रभात खबर से कई सालों से जुड़े हुए है. 29 सालों का पत्रकारिता का अनुभव है. औद्योगिक, ट्रेड यूनियन, क्राइम, प्रशासनिक, सरकार, राजनीति के जानकार है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >