देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में रविवार को दून पुलिस जमशेदपुर पहुंचेगी. पुलिस उक्त मामले में बतौर शूटर रहे बागबेड़ा गाढ़ाबासा निवासी विशाल सिंह, जुगसलाई आरपी पटेल स्कूल रोड निवासी आशुतोष कुमार सिंह, बागबेड़ा बजरंगटेकरी रोड निवासी आकाश प्रसाद, उलीडीह टैंक रोड निवासी जितेंद्र कुमार साहू के घर की कुर्की करेगी. इसके अलावा लोहरदगा टंगराटोली निवासी अंकित कुमार वर्मा के खिलाफ भी कुर्की वारंट जारी है. इस मामले में पुलिस ने तीन दिन पहले उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से साजिशकर्ता बागबेड़ा गाढ़ाबासा निवासी यशराज सिंह को गिरफ्तार किया था. इस मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ देहरादून पुलिस ने एक-एक लाख रुपये इनाम की घोषणा की है. शनिवार को देहरादून के डालनवाला थाना की पुलिस जमशेदपुर के लिए रवाना हो गयी है. देहरादून पुलिस के अनुसार कुर्की जब्ती के बावजूद सरेंडर नहीं करने पर आरोपियों पर इनाम की राशि बढ़ायी जायेगी.