रंगदारी नहीं देने पर सब्जी विक्रेता पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान

जमशेदपुर के गोलमुरी में एक लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर सब्जी विक्रेता पर फायरिंग की गई। अपराधी करण सिंह और गंधे की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

गोलमुरी थाना अंतर्गत टिनप्लेट एबीएम कॉलेज के पास शनिवार की शाम करीब छह बजे बाइक सवार अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय दिया. एक लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर बाइक सवार बदमाशों ने स्थानीय सब्जी विक्रेता मथुरा पोद्दार को निशाना बनाते हुए गोली चला दी. हालांकि, इस हमले में मथुरा पोद्दार बाल-बाल बच गये और गोली उन्हें नहीं लगी. भीड़भाड़ वाले इलाके में गोली चलने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी बाइक से तेजी से फरार हो गये. हमलावरों की पहचान गोलमुरी खालसा बस्ती निवासी करण सिंह और उसके साथी गंधे के रूप में की गयी है. घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है.

शुक्रवार की रात स्कूटी सवार युवक ने थमाया था मोबाइल, मांगी थी रंगदारी

पीड़ित सब्जी विक्रेता मथुरा पोद्दार ने पुलिस को बताया कि गोलमुरी खालसा बस्ती का रहने वाला करण सिंह इलाके में आतंक का पर्याय बना हुआ है. वह अक्सर सब्जी विक्रेताओं और अन्य छोटे दुकानदारों से डरा-धमकाकर रंगदारी वसूलता है. शुक्रवार की देर शाम एक युवक स्कूटी से मथुरा की दुकान पर पहुंचा. उस युवक ने अपने मोबाइल पर किसी से बात करने के लिए फोन मथुरा को थमा दिया. मथुरा ने जैसे ही फोन कान से लगाया, दूसरी तरफ से करण सिंह बोल रहा था. करण सिंह ने सीधे लहजे में एक लाख रुपये रंगदारी की मांग की. जब मथुरा ने असमर्थता जतायी, तो करण ने उसे और उसके भाई को गोली मारकर हत्या करने की सीधी धमकी दे डाली.

शनिवार को दो बार दुकान पर दी दबिश

शुक्रवार की धमकी के बाद शनिवार को अपराधी करण सिंह ने दो बार दुकान पर दबिश दी. शनिवार शाम करीब चार बजे वह पहली बार दुकान पहुंचा. उस वक्त मथुरा पोद्दार घर पर खाना खाने गया था और दुकान पर उसका छोटा भाई बैठा था. करण सिंह ने छोटे भाई को भी धमकी दी कि अगर एक लाख रुपये नहीं मिले, तो जान से हाथ धोना पड़ेगा. इसके बाद वह चला गया. ठीक दो घंटे बाद, शाम करीब छह बजे करण सिंह अपने साथी गंधे के साथ बाइक पर दोबारा दुकान पहुंचा. इस बार दुकान पर मथुरा पोद्दार मौजूद था. आते ही करण ने गाली-गलौज शुरू कर दी और तुरंत रुपये देने को कहा. जब मथुरा ने रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो करण ने पिस्टल निकाली और उस पर एक राउंड फायरिंग कर दी.

एसएसपी की क्राइम मीटिंग के दिन ही वारदात, आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज

गौरतलब है कि शनिवार को ही एसएसपी ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को रंगदारी, अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये थे. इसके बावजूद अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए इस वारदात को अंजाम दिया. इधर, घटना के बाद गोलमुरी थाना पुलिस अलर्ट हो गयी है. पुलिस की अलग-अलग टीमें करण सिंह और गंधे की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों और खालसा बस्ती स्थित घर पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जायेगा. वारदात के बाद से स्थानीय दुकानदारों में असुरक्षा का भाव है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shyam narayan jha

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >