जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक के समीप रविवार दोपहर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे बैठे दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान गोविंदपुर निवासी सन्नी व राजू के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया. यहां उनका इलाज चल रहा है.
सड़क किनारे बैठे थे दोनों युवक, अचानक कार ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सन्नी और राजू रविवार दोपहर अन्ना चौक के समीप सड़क किनारे बैठे हुए थे. इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गयी और दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार को रुकवाया और घायल युवकों को इलाज के लिए टीएमएच भेजा.
कार जब्त, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाने भेज दिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है. पुलिस चालक और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
