Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम के दो प्रखंडों की दो जर्जर सड़कें जल्द बनेंगी, डीपीआर को मिली मंजूरी

Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले के दो प्रखंडों में चिह्नित दो जर्जर सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जायेगा. दोनों परियोजनाओं की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है.

10 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण पर खर्च होंगे 37.03 करोड़ रुपये

1.594 किलोमीटर लंबी घाटशिला-तमकपाल सड़क निर्माण पर खर्च होंगे 1.45 करोड़ रुपये

Jamshedpur News :

पूर्वी सिंहभूम जिले के दो प्रखंडों में चिह्नित दो जर्जर सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जायेगा. दोनों परियोजनाओं की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है. हालांकि विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही निर्माण कार्य धरातल पर उतरेगा. पहली परियोजना के तहत बहरागोड़ा प्रखंड में लगभग 10 किलोमीटर लंबी मानुषमुड़िया से दारीशोल चौक तक सड़क का निर्माण किया जायेगा. इस सड़क के निर्माण पर पथ निर्माण विभाग द्वारा 37.03 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. सड़क को हाईस्पीड एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बनाया जायेगा. इसके लिए राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर की एजेंसी को आमंत्रित किया गया है. विभाग ने परियोजना को पूरा करने के लिए एक वर्ष की समय-सीमा निर्धारित की है.

वहीं दूसरी परियोजना घाटशिला प्रखंड के तमकपाल क्षेत्र में 1.594 किलोमीटर लंबी घाटशिला-तमकपाल सड़क से संबंधित है. इसका निर्माण ‘इंप्रूवमेंट ऑफ राइडिंग क्वालिटी पेवमेंट (आइआरक्यूपी)’ योजना के तहत किया जायेगा. इस पर 1.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इस सड़क में केवल गड्ढों की मरम्मत ही नहीं, बल्कि राइडिंग क्वालिटी सुधारते हुए संपूर्ण सतह को दुरुस्त किया जायेगा. इसके लिए विभाग ने दो माह की समय-सीमा तय की है. पथ निर्माण विभाग, जमशेदपुर प्रमंडल के अनुसार, यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो मार्च के अंत तक दोनों सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा.

इन सड़कों के निर्माण से लगभग डेढ़ दर्जन गांवों के लोगों के साथ-साथ आम राहगीरों को भी राहत मिलेगी. वर्तमान में सड़कों की जर्जर स्थिति के कारण आये दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा था. साथ ही, गड्ढों और संकीर्ण मार्ग के कारण प्रतिदिन ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा था. नयी सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >