जमशेदपुर: टीएसडीपीएल कर्मचारियों के मासिक कैंटीन शुल्क में बढ़ोतरी कर दी गयी है. प्रबंधन द्वारा इसका नोटिस जारी कर दिया गया है. मासिक चार्ज को 250 से बढ़ाकर 350 रुपये कर दिया गया है.
कर्मचारियों का कहना है कि 40 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गयी है. यूनियन नेतृत्व इस मामले में सीधे कर्मचारियों से बच रही है. यूनियन पदाधिकारी इसमें व्हाट्सएप व्हाट्सएप खेल रहे हैं. किसी का कहना है कि ग्रेड में ही तय हो गया था, तो कोई कह रहा है कि गुणवत्ता सुधारने, तो कोई इसे प्रबंधन की तानाशाही बता रहा है, पिछले दिनों हुए ग्रेड रिवीजन से भी कर्मचारियों में भारी नाराजगी है.
ग्रेड रिवीजन से असंतुष्ट है कर्मचारी
कर्मचारियों का कहना है कि इससे बेहतर होता कि ग्रेड ड्यू होते ही इसको समझौते की शक्ल दे दिया जाता. इससे इतना नुकसान तो कर्मचारियों का नहीं होता. कर्मचारियों का कहना है कि ग्रेड की अवधि छह वर्ष से बढ़ाकर सात वर्ष कर दिया गया और बढ़ोत्तरी भी आशा के अनुरूप नहीं हुआ.
ग्रेड रिवीजन से असंतुष्ट कर्मचारी अभी भी पूर्व वरीय महाप्रबंधक पीके साहू को याद कर कहते हैं ग्रेड उन्होंने जो किया वह यादगार रहेगा. ग्रेड रिवीजन से नाराज अधिकतर कर्मचारियों ने पहली बार यूनियन अध्यक्ष का अभिनंदन तक नहीं किया. सामान्य परंपरा रही है कि ग्रेड या बोनस होने पर खुश होकर कर्मचारी युनियन अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन करते रहे हैं.
