डिमना लेक में 22 नवंबर को उतरेगा रोमांच का सैलाब, TSAF Swimathon 2026 में 500 मीटर से 5 किमी तक तैराकी की चुनौती

TSAF Swimathon 2026 का रोमांच 22 नवंबर को डिमना लेक में होगा. 500 मीटर से 5 किमी तक की तैराकी चुनौती के लिए अभी रजिस्ट्रेशन करें और अपनी क्षमता परखें.

जमशेदपुर : शहर के तैराकों और साहसिक खेलों के शौकीनों के लिए इंतजार खत्म होने वाला है. टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) एक बार फिर डिमना लेक में अपने बहुप्रतीक्षित ‘TSAF Swimathon 2026’ का आयोजन करने जा रहा है. ओपन-वाटर स्विमिंग का यह रोमांचक आयोजन 22 नवंबर 2026 को होगा. आयोजन की घोषणा के साथ ही शहर के स्विमर्स और साहसिक खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं में उत्साह बढ़ गया है.

डिमना लेक के पानी में दिखेगा तैराकों का दम

इस बार भी डिमना लेक इस रोमांचक आयोजन की मेजबानी करेगी. झील का शांत पानी और आसपास की हरी-भरी पहाड़ियां तैराकों को चुनौती के साथ एक अलग अनुभव देंगी. पूल में तैरने के मुकाबले ओपन-वाटर स्विमिंग में परिस्थितियां अलग होती हैं. हवा और पानी की धाराओं के बीच तैराकों को अपनी गति, तकनीक और सहनशक्ति का इस्तेमाल करना पड़ता है. TSAF ने इस बार आयोजन की घोषणा ‘द वेट इज ओवर’ टैगलाइन के साथ की है. इसके बाद से ही तैराकों में इस इवेंट को लेकर उत्सुकता बढ़ गयी है.

500 मीटर से 5 किमी तक, अपनी क्षमता के मुताबिक चुनें चुनौती

Swimathon की खासियत यह है कि इसमें अलग-अलग स्तर के तैराकों के लिए दूरी तय की गयी है. प्रतिभागी अपनी क्षमता और अनुभव के अनुसार चुनौती चुन सकेंगे.

500 मीटर : पहली बार ओपन-वाटर स्विमिंग करने वालों और जूनियर खिलाड़ियों के लिए.

1 किमी : गति और सहनशक्ति को परखने के लिए.

2.5 किमी : गंभीर और अनुभवी तैराकों के लिए. 5 किमी : लंबी दूरी की सबसे चुनौतीपूर्ण श्रेणी. इस तरह अलग-अलग श्रेणियों के जरिये ज्यादा से ज्यादा तैराक इस रोमांचक आयोजन का हिस्सा बन सकेंगे.

सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, फिटनेस और साहस का मंच

TSAF की ओर से आयोजित Swimathon का उद्देश्य ओपन-वाटर स्विमिंग को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ना भी है. ऐसे आयोजनों के जरिये खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता परखने का अवसर मिलता है. साथ ही लोगों में फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के प्रति रुचि भी बढ़ती है.

रजिस्ट्रेशन शुरू, QR कोड से कर सकते हैं आवेदन

TSAF Swimathon 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है. इच्छुक प्रतिभागी पोस्टर पर दिये गये QR Code को स्कैन कर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. आयोजकों ने खेल प्रेमियों से समय रहते रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है, ताकि वे अपनी पसंदीदा दूरी का चयन कर सकें. अब शहर के तैराकों की नजरें 22 नवंबर पर हैं, जब डिमना लेक के पानी में एक बार फिर रफ्तार, रोमांच और सहनशक्ति का शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nesar ahamad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >