जमशेदपुर में 16 जुलाई की रथ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए दिए सख्त निर्देश

जमशेदपुर में 16 जुलाई को होने वाली भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा-2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं.

जमशेदपुर में आगामी 16 जुलाई को निकलने वाली भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. शनिवार को डीसी कार्यालय के सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब ने संयुक्त रूप से समीक्षा की. बैठक में रथ यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को लेकर सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया. बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), उप नगर आयुक्त, ट्रैफिक डीएसपी, एसडीएम घाटशिला, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित विद्युत, पेयजल, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन विभाग के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे.

ट्रैफिक डायवर्जन और बैरिकेडिंग पर विशेष जोर

बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रथ यात्रा मार्ग का भौतिक निरीक्षण करने, प्रमुख मोड़ों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाने, वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित करने और रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने पर सहमति बनी. साथ ही भीड़ को सही निर्देश देने के लिए जगह-जगह पब्लिक एड्रेस सिस्टम (सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली) लगाये जायेंगे. वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा रखते हुए कहा कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में थ्री-लेयर सुरक्षा और क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी ) तैनात रहेगी. जिला पुलिस बल के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों और ट्रैफिक पुलिस की प्रतिनियुक्ति की जा रही है. पूरे रथ यात्रा मार्ग और मुख्य आयोजन स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए की जायेगी. जिसकी मॉनिटरिंग केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से होगी.

विभागों को दिए गए प्रमुख निर्देश

स्वास्थ्य एवं आपातकालीन व्यवस्था

रथ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके.

जनसुविधाएं

पूरे रथ यात्रा मार्ग पर विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी. श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, मोबाइल शौचालय तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

विद्युत आपूर्ति

रथ यात्रा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा मार्ग में आने वाले ढीले या लटकते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे.

अधिकारियों को निर्देश

बैठक में कहा गया कि रथ यात्रा आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है. सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें और विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें.

- राजीव रंजन, डीसी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जायेगा. - डॉ एहतेशाम वकारिब, वरीय पुलिस अधीक्षक


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: अशोक झा

Published by: Priya Gupta

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >