रात में दुकान बंद कर घर गया दुकानदार, सुबह पहुंचा तो देखकर रह गया दंग...

बोड़ाम के भादूडीह में चोरों ने जनरल स्टोर की छत काटकर नकदी समेत एक लाख रुपये का सामान उड़ाया. क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है.

पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं. भादूडीह में टाटा-पटमदा मुख्य सड़क के किनारे स्थित एक जनरल स्टोर को शनिवार देर रात चोरों ने निशाना बनाया. अज्ञात चोर एस्बेस्टस की छत काटकर दुकान में घुसे और नकदी समेत करीब एक लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ, जब दुकानदार महानंद महतो रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे. दुकान की छत कटी देखकर उनके होश उड़ गए. अंदर सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर नकदी और सामान गायब मिले. इसके बाद उन्होंने तत्काल बोड़ाम पुलिस को घटना की सूचना दी.

रात 10 बजे दुकान बंद कर घर गए थे दुकानदार

महानंद महतो ने बताया कि उन्होंने शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद की थी और रोज की तरह घर चले गए थे. रात में किसी समय चोरों ने एस्बेस्टस की छत काटी और दुकान के अंदर दाखिल होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. दुकानदार के मुताबिक, एक साल के भीतर इसी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है. लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में भय का माहौल है.

13 दिन पहले भी हुई थी लाखों की चोरी

बोड़ाम क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. 3 अगस्त 2026 को बोड़ाम बाजार में एक आभूषण दुकान और बारियादा में मोबाइल दुकान की एस्बेस्टस छत काटकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की थी. इन मामलों का अब तक खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार एक ही तरीके से दुकानों को निशाना बनाया जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और पूर्व की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है.

पुलिस बोली- जल्द गिरफ्त में होंगे चोर

थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान सूत्रों के आधार पर कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन की जांच में जुटी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dilip chandra poddar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >