jamshedpur news : सीमेंट कारोबारी के घर का ताला तोड़ कर 20 लाख रुपये के गहनों की चोरी

गायत्री नगर ग्वाला बस्ती के घर को बंद कर नामदा बस्ती वाले घर में रह रहा था परिवार

jamshedpur news : टेल्को थानांतर्गत गायत्री नगर ग्वाला बस्ती में सीमेंट कारोबारी अवधेश सिंह के बंद घर से चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों की चोरी कर ली. घटना बुधवार रात की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़ित परिवार ने आसपास के कुछ लोगों पर संदेह जताया है.

घटना के संबंध में सुशील कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता सीमेंट कारोबारी हैं. उनका नामदा बस्ती में एक और मकान है. परिवार के सभी लोग गायत्री नगर वाले घर को बंद कर पिछले पांच दिनों से नामदा बस्ती वाले मकान में शिफ्ट हो गये हैं. लेकिन, अभी उनका सारा सामान गायत्री नगर वाले मकान में ही है. बुधवार की रात को चोरों ने बंद मकान की रेकी कर घटना को अंजाम दिया. गुरुवार की सुबह आसपास के लोगों ने फोन कर बताया कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है. सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तो देखा कि मकान के मेन गेट समेत सभी छह कमरों के ताले टूटे हैं. साथ ही हर कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़ कर गहनों की चोरी कर ली गयी है. उन्होंने बताया कि उन लोगों को कंपनी से चांदी के कई सिक्के भी मिले थे, जिसकी भी चोरी कर ली गयी. उन्होंने बस्ती के कुछ लोगों पर भी शक जाहिर किया है. वहीं, मामले की जानकारी टेल्को पुलिस को दी गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने लगाई फटकार, कहा-सीसीटीवी कैमरा क्यों नहीं लगाया

घटना की जानकारी मिलने के बाद टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और सबसे पहले सीसीटीवी कैमरा को खोजा. पुलिस ने जब कैमरा नहीं पाया, तो मकान मालिक को फटकार लगानी शुरू कर दी. पुलिस ने कहा कि इतना बड़ा मकान बनाने के बाद भी कैमरा क्यों नहीं लगाया है. पुलिस के इस व्यवहार पर आसपास के लोगों ने थोड़ी नाराजगी भी जताई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR

AKHILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >