जमशेदपुर: टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी समिति की बैठक शुक्रवार को यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में हुई. बैठक में कर्मचारियों की सुविधाओं, कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं, मैनपावर की कमी और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा कंपनी में मैनपावर की कमी दूर करने और कर्मचारी पुत्रों के लिए स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का रहा.
मैनपावर की तत्काल बहाली की मांग
बैठक में सदस्यों ने कंपनी के विभिन्न विभागों के साथ सीआरएम-3 में मैनपावर की तत्काल बहाली की मांग उठायी. सदस्यों ने कहा कि बहाली टाटा टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड के माध्यम से करने के बजाय टाटा स्टील लिमिटेड के टिनप्लेट डिवीजन के अंतर्गत की जानी चाहिए. इसमें कर्मचारी पुत्रों को स्थायी रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग रखी गयी.
टेक्निकल सर्विसेज के कर्मियों को यूनियन सदस्यता देने की मांग
बैठक में टिनप्लेट डिवीजन में पदस्थापित टाटा टेक्निकल सर्विसेज के कर्मियों को यूनियन की सदस्यता देने की मांग भी उठी. सदस्यों का कहना था कि यूनियन की सदस्यता मिलने से इन कर्मियों की समस्याओं को भी यूनियन के मंच के माध्यम से उठाकर उनके समाधान की दिशा में पहल की जा सकेगी.
स्थायी प्रकृति के काम में वेंडर कर्मियों की तैनाती पर सवाल
यूनियन की बैठक में विभिन्न विभागों में स्थायी प्रकृति के कार्यों में वेंडर कर्मियों की तैनाती पर सदस्यों ने गहरा एतराज जताया. सदस्यों ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था से भविष्य में स्थायी रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं. इसलिए स्थायी प्रकृति के कार्यों में वेंडर कर्मियों की तैनाती की व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की जरूरत है.
ग्रेड रिवीजन की विसंगतियां दूर करने की मांग
नये ग्रेड रिवीजन को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई. सदस्यों ने ग्रेड रिवीजन की विसंगतियों को दूर करने के लिए एनॉमली कमेटी का अविलंब गठन करने की मांग की. इसके साथ ही ग्रेड रिवीजन के बाद छुट्टियों के समायोजन को लेकर कर्मचारियों के बीच बनी स्थिति को स्पष्ट करने के लिए आधिकारिक जानकारी जारी करने की मांग की गयी.
नये कर्मचारियों को जल्द मिले कंपनी क्वार्टर
बैठक में नये कर्मचारियों को अविलंब कंपनी क्वार्टर आवंटित करने की मांग भी रखी गयी. इसके अलावा 10 नंबर बस्ती में रह रहे ऑन-रोल कर्मचारियों को क्वार्टर सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गयी. सदस्यों ने 10 नंबर बस्ती में बिजली और पानी के कनेक्शन के लिए ली जाने वाली सिक्योरिटी मनी को माफ करने का भी आग्रह किया.
तीन माह में चीफ और कमेटी मेंबर्स की बैठक फिर शुरू करने की मांग
यूनियन सदस्यों ने टिनप्लेट डिवीजन के चीफ के साथ प्रत्येक तीन माह में बैठक करने की व्यवस्था दोबारा शुरू करने का आग्रह किया. इसके साथ ही डिपार्टमेंटल हेड के साथ कमेटी मेंबर्स की नियमित बैठकें भी फिर से शुरू करने की मांग की गयी. सदस्यों का कहना था कि नियमित बैठकों के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं को समय पर सामने रखकर उनके समाधान की दिशा में काम किया जा सकता है.
लंबित प्रमोशन जल्द करें पूरा
बैठक में सभी लंबित प्रमोशन को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की गयी. अपर लेवल प्रमोशन में सीनियरिटी को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया. साथ ही एनएस-9 के बाद ग्रेड संरचना को एनएस-12 तक विस्तारित करने पर विचार करने की मांग भी रखी गयी.
कैंटीन और छुट्टी स्वीकृति की दिक्कत दूर
बैठक में प्लांट में कर्मचारियों के कैंटीन जाने और छुट्टी स्वीकृति में आ रही दिक्कतों को दूर करने का मुद्दा भी उठाया गया. सदस्यों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की.
टीएमएच जाने वाले यूनियन प्रतिनिधियों को मिले पहचान पत्र
टीएमएच में मरीजों की सहायता के लिए जाने वाले यूनियन प्रतिनिधियों के लिए समुचित पहचान पत्र जारी करने की मांग भी बैठक में रखी गयी. सदस्यों ने कहा कि इससे अस्पताल में मरीजों की सहायता के लिए जाने वाले यूनियन प्रतिनिधियों को आवश्यक सुविधा मिल सकेगी.
यूनियन नेतृत्व ने मांगों पर पहल का भरोसा दिया
बैठक में सदस्यों की ओर से रखे गये सभी सुझावों और मांगों को यूनियन नेतृत्व ने गंभीरता से लिया. यूनियन नेतृत्व ने प्रबंधन स्तर पर इन मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने और कर्मचारियों के हित में आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया.
