टाटा स्टील यूआइएसएल में वेज रिवीजन और बोनस समझौते पर एक साथ लग सकती है मुहर, यहां जानें कैसे

टाटा स्टील यूआइएसएल के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. लंबे समय से प्रतीक्षित वेज रिवीजन और सालाना बोनस समझौता एक साथ हो सकता है. प्रबंधन और यूनियन के बीच जल्द ही महत्वपूर्ण वार्ताएं होने वाली हैं.

जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूआइएसएल (पूर्व में जुस्को) के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. लंबे समय से प्रतीक्षित वेज रिवीजन और सालाना बोनस समझौता इस बार एक साथ हो सकता है. टाटा स्टील में वेज रिवीजन समझौता और बोनस समझौता दोनों हो चुका है. लेकिन, अब तक टाटा स्टील यूआइएसएल की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है और न ही यूनियन के पदाधिकारी ही कुछ बोलने की स्थिति में है.

वेज रिवीजन को लेकर कई दौर की हो चुकी है वार्ता

जानकारी के अनुसार, वेज रिवीजन समझौता को लेकर कई दौर की वार्ता हो चुकी है. कंपनी के सीएचआरओ देवी प्रसाद पंथाला के स्तर पर चल रही बैठक में चीजें तय हो जायेंगी. अंतिम दौर की वार्ता कंपनी के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर के स्तर पर होगी. यूनियन की ओर से भेजे गये चार्टर्ड ऑफ डिमांड के आधार पर ही वार्ता हो रही है.

2025 से लंबित है वेज रिवीजन

मालूम हो कि टाटा स्टील यूआइएसएल (पुराना नाम जुस्को) के कर्मचारियों का वेज रिवीजन (वेतन समझौता) 1 जनवरी 2025 से लंबित है. चूंकि, टाटा स्टील का समझौता अब सबके सामने है, यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय और उनकी टीम इसी आधार पर अपना मांग पत्र आगे बढ़ा रही है.

बोनस को लेकर भी होगी वार्ता

दूसरी ओर, बोनस को लेकर भी वार्ता होगी. टाटा स्टील यूआइएसएल के कर्मचारियों को पुराने बोनस की राशि भी मिलनी बाकी है. दरअसल, बोनस समझौता के तहत मुनाफा, सेफ्टी, कंप्लायंस कंप्लेंट, टॉप बॉक्स ओवरऑल, बॉटम बॉक्स ओवरऑल, टीएंडडी लॉस ओवरऑल, वाटर ओवरऑल, रिपीट कंप्लेंट, कस्टमर सैटिफेक्शन इंडेक्स, प्रोडक्टिविटी और एक्टिव एसजीए पर बोनस की राशि तय है. हर तिमाही में रिजल्ट आता है, इस कारण तिमाही के आधार पर बोनस की राशि तय होती है और फिर बची राशि मिलती है. इसके तहत पिछले बोनस की राशि अभी मिलनी बाकी है.

सोमवार को मैनेजमेंट के साथ होगी वार्ता : रघुनाथ

टाटा स्टील यूआइएसएल की अधीकृत यूनियन टाटा स्टील यूटिलिटीज यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने कहा - वेज रिवीजन को लेकर वार्ता हो रही है. हम इंटक के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चेन्नई आये हुए हैं, शनिवार को लौटेंगे. सोमवार को मैनेजमेंट के साथ बैठक होगी. बोनस को लेकर पहले से फार्मूला तय है. उसी के तहत बोनस मिलेगा. हम चाहते हैं कि पहले वेज रिवीजन हो जाये, फिर बोनस. हम प्रयास करेंगे कि दोनों बेहतर हो.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश सिंह

ब्रजेश सिंह. प्रभात खबर से कई सालों से जुड़े हुए है. 29 सालों का पत्रकारिता का अनुभव है. औद्योगिक, ट्रेड यूनियन, क्राइम, प्रशासनिक, सरकार, राजनीति के जानकार है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >