टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन में फिर हादसा, एक मजदूर की मौत, दो घायल, एक हफ्ते में दूसरी दुर्घटना

टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें एक मजदूर की जान चली गई. इस दुर्घटना ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जमशेदपुर : टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन में हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है. वहीं, दो मजदूर गंभीर है. गंभीर हालत में टीएमएच के सीसीयू में इलाज जारी है. जानकारी के मुताबिक कंपनी विस्तारिकरण के दौरान बड़ी बाउंड्री बनाई जा रही है. इसी सिलसिले में मिट्टी भरने का काम हो रहा था. इसी दौरान हादसे में मजदूर की मौत हो गई है. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. हालांकि सूत्रों के मुताबिक मृतक मजदूर बागबेड़ा का रहने वाला है. वहीं, कंपनी द्वारा अभी तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं आया है.


इसी बाउंड्री के पास मिट्टी भराई के दौरान हुआ हादसा.

हफ्ते भर में दूसरी घटना

उल्लेखनीय है कि टिनप्लेट के इसी विस्तार प्रोजेक्ट साइट पर बीते एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी दुर्घटना है, जिसमें मजदूर की जान गई है. महज सात दिनों के भीतर लगातार दो मजदूरों की मौत ने कंपनी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. गौरतलब है कि 11 सितंबर को भी एक 26 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई थी. मृतक मेसर्स पुरनमल के कर्मचारी के रूप में प्रोजेक्ट साइट पर कार्यरत था.

सुरक्षा प्रोटोकॉल पर उठे गंभीर सवाल

लगातार हो रहे इन हादसों ने प्रोजेक्ट कार्य में लगी एजेंसियों और कंपनी प्रबंधन के सुरक्षा प्रोटोकॉल पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है. साइट पर मौजूद कर्मियों का साफ तौर पर कहना है कि सुरक्षा निरीक्षण में भारी लापरवाही बरती जा रही है. इसके चलते लगातार हादसों की पुनरावृत्ति हो रही है.

मुआवजे और जवाबदेही की उठी मांग

दुर्घटना के बाद प्रोजेक्ट स्थल पर हड़कंप मच गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा समीक्षा तथा तकनीकी कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है. वहीं, दूसरी ओर, पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग अब तेजी से उठने लगी है.


उलझे विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव.

आधे घंटे में पहुंचे कंपनी के अधिकारी, नहीं तो करेंगे गेट जाम : गुंजन

घटना के बाद विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव टिनप्लेट अस्पताल पहुंचे. उन्हेंने कंपनी के अधिकारियों की जिम्मेवारी को लेकर सवाल खड़ा किया. इसी दाैरान कंपनी से जुड़े एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर बकझक हो गयी. गुंजन यादव ने कहा - कंपनी की भारी लापरवाही है. इस क्षेत्र में भाजपा के दो मंडल अध्यक्ष हैं. लेकिन, किसी को भी जानकारी नहीं दी गयी. उन्होंने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि आधे घंटे के अंदर कंपनी के अधिकारी बातचीत करें, नहीं तो कंपनी गेट जाम कर दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >