टाटा स्टील : कितना मिलेगा बोनस ? कर्मचारियों की नजर आज की बैठक पर, जानें पूरा गणित...

टाटा स्टील में कर्मचारियों के बोनस को लेकर आज बड़ी वार्ता होगी. प्रबंधन और यूनियन के बीच 304 करोड़ रुपये की राशि पर लगभग सहमति बन गई है. जानिए क्या है पूरी खबर और कब मिलेगा कर्मचारियों को बोनस.

जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों का बोनस समझौता गुरुवार को होगा. इसे लेकर प्रबंधन और यूनियन में लगभग सहमति बन गयी है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह 9:30 बजे से वार्ता शुरू होगी, जिसमें फार्मूला के आधार पर बोनस राशि पर चर्चा हाेगी. इसके बाद समझौते पर मुहर लगेगी. कंपनी की चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल बुधवार को शहर पहुंचीं, इसके बाद टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह के साथ बैठक हुई. बोनस फार्मूला के आधार पर बातचीत हुई, जिसमें लगभग 304 करोड़ रुपये की राशि तय की गयी है. पिछले साल कर्मचारियों के बोनस के मद में 303.12 करोड़ तय किये गये थे. इसके आधार पर कर्मचारियों को बोनस के रूप में अधिकतम 3,92,213 रुपये और न्यूनतम 39,004 रुपये मिले थे. अब टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन के साथ टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु की वार्ता होगी, जिसके बाद बोनस की राशि बढ़ सकती है.

25,600 कर्मचारियों के बीच बंटेगा बोनस

वर्तमान में तय फार्मूला के तहत टाटा स्टील का मुनाफा (मेरामंडली की आमदनी और सारे एक्सेपसनल आइटम छोड़कर) 11035.24 करोड़ रुपये है. इसका 1.5 फीसदी बोनस के मद में मिलेगा. सेफ्टी के तहत करीब 5 करोड़ रुपये की राशि मिल मिलेगी. प्रोफिटेबिलिटी और प्रोडक्टिविटी की भी राशि बढ़ी है, जिससे बोनस की राशि 304 करोड़ रुपये हो गयी है. बोनस की राशि 25,600 कर्मचारियों के बीच बांटी जायेगी. पिछले साल 25,906 कर्मचारी थे, जिसमें जमशेदपुर प्लांट के 11,446 कर्मचारी थे. पिछले साल कर्मचारियों को फार्मूला के तहत 272.83 करोड़ रुपये ही बोनस मिलना था. लेकिन बेहतर काम के लिए पुरस्कार के तौर पर एमडी ने 30.30 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिये थे. इसके बाद बोनस की राशि बढ़कर 303.13 करोड़ रुपये हो गयी थी.

वेतन पुनरीक्षण के एरियर का बोनस अगले साल मिलेगा : यूनियन अध्यक्ष

टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कहा कि कर्मचारियों का बोनस प्रत्येक वित्तीय वर्ष में अर्जित बेसिक व डीए के आधार पर निर्धारित किया जाता है. वेतन पुनरीक्षण का एरियर वित्तीय वर्ष 2026-2027 में अर्जित होगा, इसलिए एरियर से संबंधित बढ़े बेसिक व डीए राशि का प्रभाव अगले वित्तीय वर्ष के बोनस में दिखेगा. यदि किसी कर्मचारी को वेज रिवीजन के कारण 1,00,000 रुपये का एरियर वित्तीय वर्ष 2026-2027 में मिलता है, तो उसमें शामिल बोनस योग्य बेसिक व डीए की राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 की बोनस योग्य कमाई में शामिल होगी. इस कारण बनने वाला अतिरिक्त बोनस अगले बोनस चक्र में मिलेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि एरियर पर बनने वाला बोनस समाप्त नहीं होता है, बल्कि जिस वित्तीय वर्ष में एरियर की संबंधित बोनस योग्य राशि अर्जित होती है, उसके आधार पर उसका बोनस लाभ अगले बोनस भुगतान में मिलता है. उन्होंने कर्मियों से अपील की कि इस विषय को सही तरीके से समझें और किसी भी भ्रम या अफवाह पर ध्यान न दें.

टिनप्लेट, तार कंपनी, टीजीएस, टाटा स्टील गम्हरिया, माइंस का भी होगा बोनस

टाटा स्टील के कर्मचारियों के बोनस समझौता के साथ ही टिनप्लेट, तार कंपनी, टीजीएस, टाटा स्टील गम्हरिया का भी बोनस समझौता होगा. यहीं नहीं, माइंस, कोलियरी का भी समझौता गुरुवार को ही होगा. सबसे पहले टाटा स्टील का बोनस समझौता हो जायेगा, उसके बाद अन्य कंपनियों का बोनस समझौता होगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश सिंह

ब्रजेश सिंह. प्रभात खबर से कई सालों से जुड़े हुए है. 29 सालों का पत्रकारिता का अनुभव है. औद्योगिक, ट्रेड यूनियन, क्राइम, प्रशासनिक, सरकार, राजनीति के जानकार है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >