Jamshedpur News : टाटा पावर : मजदूरों के डबल ओटी भुगतान पर वार्ता टली, भड़के मजदूर
Jamshedpur News : टाटा पावर के मजदूरों को ओवरटाइम (ओटी) का दोगुनी दर से भुगतान नहीं किये जाने के मामले में मंगलवार को उप श्रमायुक्त कार्यालय में निर्धारित वार्ता नहीं हो सकी.
डीएलसी की अनुपस्थिति में नहीं हो सकी सुनवाई, यूनियन ने हड़ताल की चेतावनी दी
Jamshedpur News :
टाटा पावर के मजदूरों को ओवरटाइम (ओटी) का दोगुनी दर से भुगतान नहीं किये जाने के मामले में मंगलवार को उप श्रमायुक्त कार्यालय में निर्धारित वार्ता नहीं हो सकी. उप श्रमायुक्त (डीएलसी) की अनुपस्थिति के कारण बैठक टल जाने से वार्ता में शामिल होने पहुंचे मजदूरों और यूनियन प्रतिनिधियों में नाराजगी देखी गयी. टाटा पावर मजदूर यूनियन के उपाध्यक्ष सह एआइटीयूसी के राज्य सचिव अंबुज ठाकुर ने कहा कि मजदूरों को न्याय की उम्मीद में श्रम विभाग लाया गया था, लेकिन विडंबना यह है कि तीन माह बीत जाने के बाद भी उन्हें केवल तारीख पर तारीख मिल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि टाटा पावर प्रबंधन और ठेका कंपनी आरके इरेक्टर श्रम विभाग के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि मजदूरों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो कंपनी में कभी भी हड़ताल की घोषणा की जा सकती है. औद्योगिक अशांति की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी उप श्रमायुक्त कार्यालय की होगी. मौके पर यूनियन के महासचिव एनएन पाल, धनंजय शुक्ला, पवन कुमार, दिलीप कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.