जमशेदपुर: टाटा मोटर्स, कमिंस और टाटा हिताची के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते को लेकर राहत की खबर है. तीनों कंपनियों के कर्मचारियों के परिवर्तनशील महंगाई भत्ता (वीडीए) में 184 प्वाइंट की बढ़ोतरी हुई है. कर्मचारियों को इस बढ़ोतरी का लाभ एक सितंबर 2026 से मिलेगा. अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर मई, जून और जुलाई 2026 के महंगाई दर के आंकड़ों की गणना के बाद वीडीए में यह वृद्धि निर्धारित की गयी है.
टाटा मोटर्स में 368 और कमिंस में 460 रुपये का फायदा
टाटा मोटर्स में वीडीए की गणना दो रुपये प्रति प्वाइंट के आधार पर होती है. ऐसे में 184 प्वाइंट की वृद्धि से कर्मचारियों के मासिक वेतन में 368 रुपये की बढ़ोतरी होगी. वहीं, कमिंस के कर्मचारियों को प्रति प्वाइंट 2.50 रुपये की दर से 460 रुपये का मासिक लाभ मिलेगा. कमिंस कर्मचारियों को बढ़ा हुआ वीडीए अक्टूबर माह के वेतन के साथ मिलने की जानकारी दी गयी है. टाटा मोटर्स के प्लांट हेड ने शुक्रवार को वीडीए बढ़ोतरी को लेकर सर्कुलर जारी किया है. इससे कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल है.
टाटा हिताची कर्मचारियों को 552 रुपये का लाभ
टाटा हिताची में वीडीए की गणना तीन रुपये प्रति प्वाइंट की दर से की जाती है. 184 प्वाइंट की बढ़ोतरी के आधार पर यहां कर्मचारियों को 552 रुपये का मासिक लाभ मिलेगा. वीडीए में अगली बढ़ोतरी के लिए अगस्त, सितंबर और अक्टूबर के महंगाई दर के आंकड़ों को आधार बनाया जायेगा. इन आंकड़ों की गणना के बाद दिसंबर 2026 में अगला वीडीए रिव्यू किया जायेगा. इसके बाद महंगाई दर के आधार पर कर्मचारियों के परिवर्तनशील महंगाई भत्ते में एक बार फिर संशोधन किया जा सकता है.
