टीएफए के दीक्षांत समारोह में एल्विन एशान खैरीम का जलवा, बने ‘बेस्ट कैडेट’, ये 15 युवा फुटबॉलर हुए ग्रेजुएट

टाटा फुटबॉल अकादमी के 16वें दीक्षांत समारोह में 15 युवा फुटबॉलर ग्रेजुएट हुए. मिडफील्डर एल्विन एशान खैरीम को 'बेस्ट कैडेट' सम्मान मिला. क्लिफ मिरांडा ने उन्हें बधाई दी.

जमशेदपुर : टाटा फुटबॉल अकादमी (टीएफए) से प्रशिक्षण लेकर फुटबॉल के मैदान पर अपने सपनों को नई उड़ान देने वाले 15 युवा खिलाड़ियों के लिए सोमवार का दिन खास रहा. कदमा स्थित कुडी महंती ऑडिटोरियम में आयोजित टीएफए के 16वें दीक्षांत समारोह में 17वें बैच के 15 कैडेट्स ने सफलतापूर्वक अपना प्रशिक्षण पूरा किया और ग्रेजुएट हुए. समारोह में प्रतिभाशाली मिडफील्डर एल्विन एशान खैरीम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘बेस्ट कैडेट’ के सम्मान से नवाजा गया. समारोह में भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर क्लिफ मिरांडा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. वहीं, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम ने पास-आउट कैडेट्स को उपाधि और प्रमाण पत्र प्रदान किए.

ड्रिबलिंग और पासिंग से बनाई अलग पहचान

17वें बैच के दौरान एल्विन एशान खैरीम ने अपने खेल से अलग पहचान बनाई. मिडफील्ड में उनकी बेहतरीन ड्रिबलिंग, सटीक पासिंग और खेल को नियंत्रित करने की क्षमता ने उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग रखा. प्रशिक्षण सत्रों के साथ राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के टूर्नामेंटों में भी उन्होंने प्रभावी प्रदर्शन किया. समारोह के दौरान क्लिफ मिरांडा और डीबी सुंदर रामम ने एल्विन को विशेष ट्रॉफी और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया. सम्मान मिलने के बाद एल्विन ने टीएफए के प्रशिक्षकों और प्रबंधन के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा - अकादमी में मिली सीख और अनुशासन ही उनकी सफलता की नींव है. अब उनका लक्ष्य भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करना है.

समारोह में शामिल लोग.

क्लिफ मिरांडा बोले- मेहनत और अनुशासन से बनाएं पहचान

मुख्य अतिथि क्लिफ मिरांडा ने सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए पेशेवर फुटबॉल में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन और कड़ी मेहनत को जरूरी बताया. उन्होंने कहा - टीएफए से मिला प्रशिक्षण खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत आधार है. अब कैडेट्स को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए लगातार मेहनत करनी होगी. उन्होंने खिलाड़ियों को अपने खेल पर भरोसा रखने और हर मुकाबले से सीख लेने की सलाह दी.

खेल और युवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध टाटा समूह

टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम ने कहा - टाटा समूह लंबे समय से देश में खेल और युवाओं के विकास के लिए काम करता रहा है. उन्होंने 17वें बैच के सभी 15 ग्रेजुएट कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जतायी कि ये खिलाड़ी आने वाले दिनों में देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे. समारोह में टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल चौधरी, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक, कैडेट्स और उनके परिजन मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nesar ahamad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >