Jamshedpur News : चालक हत्याकांड व लूट मामले का मुख्य आरोपी तारिक नागपुर से पिस्टल के साथ गिरफ्तार
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी थाना क्षेत्र के डैमडूबी अंसारनगर में माइक्रो फाइनेंसकर्मी नलिन भगत से फायरिंग कर डेढ़ लाख रुपये लूट और जीप चालक जब्बार अंसारी की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.
कपाली लूटकांड व जीप चालक जब्बार हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
2021 में दिनदहाड़े कनपटी पर सटाकर मारी थी गोली व फाइनेंस कर्मी से लूटे थे डेढ़ लाख
पहचान छिपाकर महाराष्ट्र में रह रहा था तारिक, तकनीकी साक्ष्य की मदद से विशेष टीम ने किया गिरफ्तार
Jamshedpur News :
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी थाना क्षेत्र के डैमडूबी अंसारनगर में माइक्रो फाइनेंसकर्मी नलिन भगत से फायरिंग कर डेढ़ लाख रुपये लूट और जीप चालक जब्बार अंसारी की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस कांड के मुख्य आरोपी तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी को लोडेड देसी पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. तारिक पर पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं. शनिवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तारिक कुरैशी डैमडूबी अंसारनगर का रहने वाला है. वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी पहचान छिपाकर महाराष्ट्र के नागपुर अंतर्गत उमरेड रोड स्थित अवलिया नगर में छिपकर रह रहा था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे वहां से दबोच लिया.
दिनदहाड़े फायरिंग कर लूट की घटना को दिया था अंजाम
एसडीपीओ ने बताया कि बीते 7 मई की दोपहर करीब 3:15 बजे डैमडूबी अंसारनगर स्थित रबाना खातून के घर के पास अपराधियों ने हथियार के बल पर माइक्रो फाइनेंस कर्मी से लगभग 1.50 लाख रुपये लूट लिए थे. इस संबंध में चांडिल थाना में कांड संख्या 67/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला एसपी के निर्देश पर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाये और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी तारिक कुरैशी को चिह्नित कर गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने लूट की इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने कहा कि कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गयी रकम की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
लंबे समय से फरार चल रहा था शातिर अपराधी
पुलिस के अनुसार, तारिक कुरैशी पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द बना हुआ था. साल 2021 में जेल से बाहर आने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था. उस पर कपाली ओपी और चांडिल थाना में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं. पुलिस ने उसके पास से एक 7.65 एमएम का देसी पिस्टल और एक गोली बरामद की है.
जमीन विवाद में चालक की 2021 में कर दी थी हत्या
कपाली ओपी क्षेत्र में 27 अगस्त 2021 की सुबह जमीन कारोबारी और कपाली थाना के पूर्व सरकारी जीप के चालक रहे मो जब्बार अंसारी की तारिक कुरैशी उर्फ आयान ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. अपराधियों ने जब्बार की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारी थी. प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद को मुख्य कारण माना गया था. एक आरोपी कपाली गौसनगर के सालबगान निवासी मो अशरफ अंसारी उर्फ बाघा को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है.